छातापुर (सुपौल) : थाना क्षेत्र के चकला गांव में रविवार की देर रात अज्ञात व्यक्तियों ने 80 वर्षीय वृद्ध को फंदे से लटका कर मौत के घाट उतार दिया. सोमवार की सुबह बरामदे के छत में लटके वृद्ध के शव को देखने के बाद गांव में सनसनी फैल गयी. मृतक वृद्ध छेदी लाल झा के परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा घटना स्थल पर पहुंचे. साथ ही घटना की समुचित जानकारी प्राप्त करने के उपरांत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया.मृतक के पुत्र शंभूनाथ झा की ओर से दिये गये आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है.
हालांकि हत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है. दर्ज प्राथमिकी में साजिश के तहत हत्या की घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है.
साथ ही सूचक श्री झा ने घटना की गहनता से छानबीन कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है. मृतक के वृद्धा पत्नी उमा देवी, पुत्रवधू देवता देवी व ममता देवी ने बताया कि अन्य दिनों की भांति मृतक अपने घर के बरामदे पर सो रहे थे. मध्य रात्रि शौच कराने के बाद पुनः उन्हें घर में सुला दिया गया. इसके उपरांत पांच बजे सुबह मृतक के पुत्र अरुण झा जब घर से निकले तो बरामदे पर लटकते शव को देख उन्होंने
शोर मचाया.
