कालाबाजारी के उद्देश्य से एक निजी आवासीय कमरे में सरकारी खाद्यान्न को रखने के दौरान लाभुकों का आक्रोश फूट पड़ा. ग्रामीणों ने मौके पर प्रशासन को इसकी सूचना दी.
सुपौल : सदर प्रखंड के सुखपुर पंचायत में डीलर द्वारा सरकारी खाद्यान्न को कालाबाजारी के उद्देश्य से एक निजी आवासीय कमरे में रखने के दौरान लाभुकों का आक्रोश फूट पड़ा. जानकारी अनुसार शनिवार की सुबह के 10 बजे लाल बहादुर यादव नामक एक डीलर ने बाजार स्थित काली चौधरी के घर में खाद्यान्न को जमा करवाया. जहां ग्रामीणों को सरकारी खाद्यान्न के बेचे जाने की आशंका हुई. ग्रामीणों ने मौके पर प्रशासन को इसकी सूचना दी. जहां अनुमंडल प्रशासन ने तुरंत उक्त स्थल पर थाना पुलिस व बीपीआरओ सह प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी कालीचरण को भेजा.
पुलिस पदाधिकारी उमेश प्रसाद सिंह के सदल बल पहुंचने से पूर्व ही डीलर ने खाद्यान्न रखे कमरे में ताला जड़ दिया. साथ ही पकड़े जाने के भय से डीलर सहित अन्य ने तीन बोरी अनाज कमरे के बाहर में छोड़ कर भाग निकले. वहीं मौके से चालक खाद्यान्न को अनलोड कर वाहन लेकर फरार होने में कामयाब रहा. इधर पदाधिकारी व पुलिस प्रशासन द्वारा खाद्यान्न रखे कमरे को खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है. ताकि सरकारी बोरी में बंद खाद्यान्न की समुचित जानकारी प्राप्त की जा सके. खाद्यान्न पकड़े जाने की खबर व पदाधिकारियों की मौजदूगी की खबर से आसपास चर्चा का बाजार गरम है.
