Siwan News : दरौंदा थाना क्षेत्र के कमला चौक स्थित पेट्रोल पंप के समीप आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान खंडसरा गांव निवासी राहुल यादव, पिता श्रीराम यादव के रूप में हुई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दरौंदा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
विवाद के बाद हुई मारपीट
बताया जाता है कि कमला चौक स्थित पेट्रोल पंप के समीप किसी बात को लेकर राहुल यादव का कुछ लोगों से विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गयी. इस दौरान राहुल यादव गंभीर रूप से घायल हो गये.
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
पुलिस जुटी घटना की जांच में
घटना की सूचना मिलने के बाद दरौंदा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस मारपीट के कारणों के साथ ही घटना में शामिल लोगों की जानकारी जुटा रही है. घटना के बाद कमला चौक क्षेत्र में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
