Siwan News : दरौंदा थाना क्षेत्र के मर्दनपुर गांव में करीब एक माह पूर्व हुई चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक की पहचान मर्दनपुर गांव निवासी कनहैया प्रसाद के पुत्र अनूप कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद से ही अनूप का इलाज चल रहा था. हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया था, जहां करीब एक माह तक इलाज के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया.
दो भाइयों के विवाद के बाद हुई थी चाकूबाजी
बताया जाता है कि करीब एक माह पहले मर्दनपुर गांव में दो भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और चाकू से हमला किये जाने की घटना सामने आयी. इस घटना में अनूप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये थे. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल हो गया था.
परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल अनूप को तत्काल महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उन्हें पटना लेकर गये, जहां उनका इलाज चल रहा था.
एक माह तक इलाज के बाद जिंदगी की जंग हारे अनूप
पटना में इलाज के दौरान अनूप की हालत गंभीर बनी हुई थी. परिजनों को करीब एक माह से उम्मीद थी कि इलाज के बाद वह स्वस्थ होकर घर लौटेंगे, लेकिन शनिवार को उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
युवक की मौत से गांव में फिर चर्चा में आया मामला
अनूप की मौत की खबर मर्दनपुर गांव के साथ आसपास के इलाके में पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गयी. करीब एक माह पहले हुई चाकूबाजी की घटना के बाद गांव में तनाव और चिंता का माहौल बना था. अब घायल युवक की मौत के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है. घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं.
