सीवान: ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल युवक की सदर अस्पताल में मौत, एक सप्ताह पहले ही विदेश से लौटा था घर; परिजनों में कोहराम

सीवान में ट्रेन से गिरकर विदेश से लौटे युवक वसीम खान की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Siwan News: सीवान जंक्शन के माल गोदाम के समीप शुक्रवार की दोपहर चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक की इलाज के दौरान सदर अस्पताल में दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान जीरादेई थाना क्षेत्र के चंदौली गंगौली गांव निवासी स्वर्गीय टुन्ना खान के पुत्र वसीम खान के रूप में हुई है. युवक महज एक सप्ताह पहले ही विदेश (खाड़ी देश) से कमाकर अपने घर लौटा था.

मां और बहन के साथ पटना से लौट रहा था युवक

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, वसीम खान विदेश से लौटने के बाद अपनी मां और बहन के साथ पटना के फुलवारी शरीफ स्थित अपने चाचा के घर मिलने गया था. शुक्रवार को वह अपनी मां और बहन के साथ ट्रेन से वापस घर लौट रहा था.

ट्रेन जब जीरादेई स्टेशन पहुंची, तो उसकी मां और बहन वहां उतर गईं. वसीम ट्रेन के गेट (दरवाजे) के पास खड़ा था, लेकिन अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सीवान जंक्शन के माल गोदाम के पास चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़ा. परिजनों को उस वक्त इस बात की भनक नहीं लग सकी कि वसीम ट्रेन से गिर गया है.

आरपीएफ ने अस्पताल पहुंचाया, इलाज के दौरान तोड़ा दम

सीवान जंक्शन के माल गोदाम के पास ट्रैक किनारे युवक के लहूलुहान अवस्था में पड़े होने की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अधिकारी और जवान तुरंत मौके पर पहुंचे. आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गंभीर रूप से घायल वसीम को एंबुलेंस से सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों के भरसक प्रयास के बावजूद उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया.

जेब से मिला रेल टिकट, परिवार में पसरा मातम

तलाशी के दौरान आरपीएफ को मृतक के पास से फुलवारी शरीफ से सीवान जंक्शन तक का वैध रेल टिकट बरामद हुआ, जिससे उसकी प्रारंभिक पहचान की पुष्टि हुई. घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई. परदेस से वर्षों बाद सकुशल लौटे बेटे की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

Also Read: सीवान: मैरवा के कोड़रा साईं मंदिर के 18वें स्थापना दिवस पर उमड़ा आस्था का सैलाब, बिहार-यूपी से पहुंचे हजारों श्रद्धालु; महाभंडारे का आयोजन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमरनाथ शर्मा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >