बसंतपुर. नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 में सेंट्रल बैंक के पीछे वाले मोहल्ले में पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश के पानी से हुए जलजमाव से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. आलम ऐसा है की इस मोहल्ले के लोगों को घर से निकलने में भी घुटने तक पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है. जल जमाव से त्रस्त इस मोहल्ले में रहने वाले अधिकतर लोग व्यवसायी है. ऐसे में उन्हें रोज सुबह अपने दुकान पर आने में जल जमाव से होकर ही गुजरना पड़ता है. सबसे ज्यादा तकलीफ तो रात में घर लौटने के दौरान होती है. मुख्यालय के सेंट्रल बैंक के बगल से पारस मार्केट से होकर पुरानी बाजार में जाने के लिए क्षेत्र के अधिकांश लोग इसी मोहल्ले से जाने वाली पगडंडी सड़क से ही जाते है. जल जमाव होने से पुरानी बाजार में जाने के लिए लोग दूसरे रास्ते का रुख करने को मजबूर हो गए है. यूं कहें तो जल जमाव ने पूरे मोहल्ले की सूरत ही बिगाड़ रखी है. पिछले दिनों लगातार हुई बारिश व जलनिकासी की सुविधा नही होने के मुहल्लावासियों की चिंता बढ़ गयी है. जलजमाव से मुहल्ले में संक्रमण का भी खतरा मंडरा रहा है. ऐसे में नगर पंचायत ने बुधवार को टैंकर की मदद से पानी हटवाने का प्रयास किया. बावजूद वह भी नाकाफी साबित हुआ. जल जमाव से त्रस्त मुहल्ले के मनोज पटेल, अजीत सिंह, बिनोद कुमार, नीरज कुमार, ईश्वर प्रसाद, कामेश्वर प्रसाद, जहीर खान समेत दर्जनों मुहल्ले के लोगों ने परेशानी के निदान की गुहार लगाई है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
