Siwan News : बड़हरिया प्रखंड मुख्यालय स्थित बीआरसी परिसर में शनिवार को दिव्यांग बच्चों की जांच एवं सहायक उपकरण वितरण को लेकर शिविर लगाया गया. बीइओ राजीव कुमार पांडेय की देखरेख में आयोजित शिविर में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे दिव्यांग बच्चों और उनके अभिभावकों ने हिस्सा लिया.
शिविर में 90 दिव्यांग बच्चों के बीच यूडीआइडी कार्ड का वितरण किया गया. वहीं, 20 दिव्यांग बच्चों को सहायक सामग्री उपलब्ध करायी गयी. शिविर के दौरान बच्चों की जरूरतों का आकलन कर आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए सूची भी तैयार की गयी. इसमें कान की मशीन, व्हील चेयर, ट्राई साइकिल सहित अन्य सहायक उपकरण शामिल हैं.
सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में मिलेगी सुविधा
बीइओ राजीव कुमार पांडेय ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है. यूडीआइडी कार्ड के माध्यम से दिव्यांग बच्चों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी. इससे वे शिक्षा की मुख्यधारा से सहजता से जुड़ सकेंगे और अपने भविष्य को बेहतर बना सकेंगे.
उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण मिलने से बच्चों को विद्यालय आने-जाने और दैनिक गतिविधियों में भी सहूलियत होगी. विभाग की ओर से जरूरतमंद बच्चों को चिन्हित कर उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी.
अभिभावकों और शिक्षकों ने लिया हिस्सा
शिविर में आरटी धर्मेंद्र कुमार शर्मा, डॉ जितेंद्र कुमार, डॉ रश्मि रंजन पांडा, मार्कंडेय पांडेय, बीआरपी रमाकांत, एचएम हेमा गुप्ता, पुष्पा वर्मा, संतोष कुमार, लेखापाल बैरिस्टर सिंह, हरिओम शरण और रंगीलाल बैठा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, प्रधानाध्यापक और शिक्षक मौजूद थे.
