सीवान: कोल्ड स्टोर से लौट रहे युवकों पर दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग, दो को लगी गोली; एक की हालत नाजुक, सदर अस्पताल में भर्ती

सीवान के जीबी नगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार अपराधियों ने दो युवकों को गोली मारकर घायल कर दिया. सुमित की हालत गंभीर है, पुलिस जांच में जुटी है.

Siwan News: जिले के जीबी नगर (तरवारा) थाना क्षेत्र अंतर्गत हकमा गांव के समीप शुक्रवार को बेखौफ बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े दो युवकों को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. गोलीबारी में दिनापट्टी गांव निवासी जयप्रकाश शर्मा के पुत्र मनीष कुमार और राजनाथ सिंह के पुत्र सुमित सिंह जख्मी हुए हैं. दोनों घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सुमित सिंह की हालत चिंताजनक बनी हुई है.

कोल्ड स्टोर से पैदल घर लौटने के दौरान हुआ हमला

घायल मनीष कुमार ने बताया कि वह हकमा स्थित एक कोल्ड स्टोर में काम करता है. शुक्रवार को उसके गांव के मित्र सुमित सिंह और यश उससे मिलने कोल्ड स्टोर पहुंचे थे. काम खत्म होने के बाद तीनों दोस्त पैदल ही अपने गांव दिनापट्टी लौट रहे थे.

इसी दौरान तरवारा की ओर से एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाश पहुंचे और बिना किसी बात के गाली-गलौज करने लगे. जब युवकों ने इसका विरोध किया, तो एक बदमाश ने पिस्तौल निकालकर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं.

घायल मनीष शर्मा| Prabhat Khabar Network

चार राउंड गोलियां दागीं, एक युवक के पेट में लगी गोली

हमलावरों ने ताबड़तोड़ करीब चार राउंड फायरिंग की. गोलीबारी के दौरान एक गोली मनीष की दाहिनी बांह में लगी, जबकि दूसरी गोली सुमित के पेट में जा धंसी. दोनों लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े, वहीं उनके साथ मौजूद तीसरा युवक यश किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से सुरक्षित भाग निकला. वारदात को अंजाम देकर तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए.

स्थानीय ग्रामीणों की मदद से परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों के अनुसार पेट में गोली लगने से सुमित की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है.

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

दिनदहाड़े तरवारा-बड़हरिया मुख्य मार्ग के पास हुई इस सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में भारी दहशत का माहौल है. घटना की सूचना पर जीबी नगर थाने की पुलिस सदर अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस हकमा से लेकर तरवारा तक मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल कर बाइक सवार तीनों हमलावरों की शिनाख्त करने में जुटी हुई है.

सदर अस्पताल में मौजूद पुलिस | Prabhat Khabar Network

क्या बोले थानाध्यक्ष

"दो युवकों को गोली लगी है, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा." — मनोज कुमार सिंह, थानाध्यक्ष, जीबी नगर (तरवारा)

Also Read: सीवान: मैरवा के कोड़रा साईं मंदिर के 18वें स्थापना दिवस पर उमड़ा आस्था का सैलाब, बिहार-यूपी से पहुंचे हजारों श्रद्धालु; महाभंडारे का आयोजन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >