एनएच-331 पर ट्रक की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, चालक वाहन लेकर फरार

Siwan News : एनएच-331 पर ट्रकों के बेलगाम परिचालन के कारण सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है. रविवार रात नगवां गांव में तेज रफ्तार ट्रक ने एक बुजुर्ग को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. चालक वाहन लेकर फरार हो गया.

Siwan News : एनएच-331 (छपरा–महमदपुर पथ) पर ट्रकों के अनियंत्रित परिचालन के कारण सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि तेज रफ्तार और ओवरटेक की होड़ के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है. रविवार की रात भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के नगवां गांव में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई. हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया.

लघुशंका के लिए निकले थे बुजुर्ग, तभी हुआ हादसा

मृतक की पहचान नगवां गांव निवासी बलिराम सिंह के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, रविवार रात करीब नौ बजे बलिराम सिंह घर से बाहर लघुशंका के लिए निकले थे. इसी दौरान भगवानपुर की ओर से मलमलिया की तरफ जा रहे कई ट्रक एक-दूसरे को ओवरटेक कर रहे थे. इसी क्रम में एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गया और लघुशंका कर रहे बलिराम सिंह को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

इलाज के लिए ले जाते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस की मदद से घायल बलिराम सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), भगवानपुर हाट पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रविवार रात ही शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सिवान भेज दिया.

घटना के बाद परिवार में मचा कोहराम

हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया. बलिराम सिंह की पत्नी गीता देवी दिल्ली गई हुई हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों ने एनएच-331 पर ट्रकों की तेज रफ्तार और अनियंत्रित परिचालन पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.

Also Read : सीवान फायरिंग मामले पर डीएम का बयान, 'स्वचालित हथियार से गोली लगने की पुष्टि नहीं', वायरल वीडियो के बाद सिपाही निलंबित



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ranjeet Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >