सीवान: 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत जीएम हाई स्कूल बड़हरिया में हुआ पौधरोपण

जीएम हाई स्कूल, बड़हरिया में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत एक बड़े पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. शिक्षकों और छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया.

Siwan news: बड़हरिया प्रखंड मुख्यालय स्थित जीएम हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज, बड़हरिया परिसर में बुधवार को 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान विद्यालय परिसर में दर्जनों फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए. कार्यक्रम में शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मियों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.

वन विभाग ने उपलब्ध कराए 200 से अधिक पौधे

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि मंगलवार को महाराजगंज वन प्रक्षेत्र की ओर से विद्यालय को 200 से अधिक फलदार और छायादार पौधे उपलब्ध कराए गए थे. इन्हीं पौधों का बुधवार को विद्यालय परिसर में रोपण किया गया. कार्यक्रम के दौरान आम, अमरूद, नीम, पीपल, बरगद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए.

मां के सम्मान और प्रकृति संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक हरिशरण निराला ने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का उद्देश्य केवल पौधरोपण करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने की प्रेरणा देना है. उन्होंने कहा कि पौधे मां की स्मृतियों को संजोने के साथ-साथ पृथ्वी को भी सुरक्षित रखने का माध्यम हैं.

जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए पौधरोपण जरूरी

वरीय शिक्षक एहसानुल्लाह ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि पौधे न केवल स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर भी हैं.

पौधों की देखभाल का लिया संकल्प

प्रधानाध्यापक हरिशरण निराला ने विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की अपील की. कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में भी अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया.

इनकी रही सहभागिता

कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक हरिशरण निराला, वरीय शिक्षक एहसानुल्लाह, महताब आलम भोलू, शशिकांत कुमार, दिवाकर सिंह, रंजीत कुमार, रामाशीष यादव, अकील अहमद, अभिषेक यादव, कुलदीप घोष, आलोक कुमार, शिक्षिका ममता चौबे, उषा कुमारी, निधि सिंह, मधुप्रिया, फरजाना खातून, ईशानी किरण, नाजिया आफताब, मधु कुमारी, नीलिशा सिंह सहित शिक्षकेत्तर कर्मियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.

Also Read: बिहार में ऑनलाइन जुआ खेलने वालों की अब खैर नहीं, विधानसभा से नया कानून पास, दूसरी बार पकड़े गए तो 2 साल की सजा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Anand Mishra

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >