Siwan News : थाना क्षेत्र के सारीपट्टी गांव के समीप एनएच-331 पर सोमवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भगवानपुर हाट पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, सीवान रेफर कर दिया.
तीनों घायलों की हुई पहचान
घायलों की पहचान थाना क्षेत्र के ब्रह्मस्थान गांव निवासी इस्लाम अंसारी के पुत्र मुस्तफा अंसारी, मौदीन अंसारी के पुत्र अजीबूदीन अंसारी तथा बसंतपुर थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी अंबिका मांझी के पुत्र धंजू कुमार के रूप में हुई है.
बाजार से लौटने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्रह्मस्थान गांव के दोनों युवक भगवानपुर बाजार से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान मालमलिया की ओर से आ रही एक बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
अस्पताल में मची अफरा-तफरी
एक साथ तीन गंभीर घायलों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने से कुछ देर के लिए अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सीवान रेफर कर दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
