प्रतिनिधि, सीवान. जिला मुख्यालय स्थित शिक्षण प्रशिक्षण केंद्र डायट परिसर में सोमवार को मिशन निपुण बिहार कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय जिला स्तरीय टीएलएम (शिक्षण अधिगम सामग्री) मेले का आयोजन किया गया. शिक्षकों ने टीएलएम के माध्यम से अपनी बौद्धिक दक्षता का प्रदर्शन करते हुए यह बताया कि इसके प्रयोग से शिक्षण विधि को रुचिकर व सरल बनाया जा सकता है. इस दौरान राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए सभी विषयों से बेहतर टीएलएम बनाने वाले 10 प्रतिभागी शिक्षकों का चयन किया गया. जहां चयनित सभी प्रतिभागी शिक्षकों को जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया. सफल आयोजन के लिए डीइओ ने इफई प्रभारी सुरेश राम को धन्यवाद दिया. सभी चयनित शिक्षक संबंधित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे. वहीं राज्य स्तर पर भी यदि इनका प्रदर्शन बेहतर रहा, तो इन शिक्षकों को पुरस्कृत भी किया जायेगा. निर्णायक मंडल में डायट के नागेंद्र राय, सोनी तरन्नुम, नवीन कुमार, विश्वामित्र मिश्रा, संजय कुमार सिंह शामिल थे. इससे पूर्व सर्व शिक्षा अभियान के डीपीओ अवधेश कुमार, डायट के प्राचार्य डा. शिशुपाल सिंह, ईएफई प्रभारी सुरेश राम सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर टीएलएम मेला का उद्घाटन किया. इस मेले में जिले के सभी प्रखंडों के विभिन्न विद्यालयों से चयनित 98 शिक्षक प्रतिभागी शामिल हुए. इसमें शिक्षकों ने विभिन्न विषयों से संबंधित शिक्षण अधिगम सामग्री का प्रदर्शन किया. अलग-अलग विषयों के दो-दो शिक्षकों का हुआ है चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए अलग-अलग विषयों के दो-दो शिक्षकों का चयन किया गया। इसमें उर्दू विषय के लिए मध्य विद्यालय आलापुर की शिक्षिका सबरुन निशा, हिंदी के लिए नया प्राथमिक विद्यालय रघुनाथपुर की शिक्षिका ब्यूटी कुमारी व उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय वर्तवलिया के विवेक कुमार, अंग्रेजी विषय के लिए उत्क्रमित मध्य विद्यालय पिठौरी की किरण कुमारी व प्राथमिक विद्यालय नदुआ भगवानपुर हाट की हुस्ना बानो, गणित के लिए उत्क्रमित मध्य विद्यालय उगो रघुनाथपुर के शिक्षक मनीष प्रसाद व मध्य विद्यालय बलडीहा लकड़ी नबीगंज के संजय पड़ित, पर्यावरण विज्ञान के लिए उत्क्रमित मध्य विद्यालय कन्या रेनुआ के शिक्षक आशुतोष नंदन, उत्क्रमित मध्य विद्यालय घोड़गहिया पचरुखी के सुबोध द्विवेदी तथा प्राथमिक विद्यालय काजी टोला सुघरी भगवानपुर हाट के शिक्षक विपिन कुमार गुप्ता शामिल हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
