सीवान. भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) क्षेत्रीय निदेशालय, पटना ने 1 अगस्त से 15 अगस्त तक स्वच्छता पखवाड़ा 2026 आयोजित करने का निर्देश जारी किया है. क्षेत्रीय निदेशक विनय कुमार ने सभी विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और +2 विद्यालयों की एनएसएस इकाइयों को पत्र भेजकर अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा है.
स्वच्छता शपथ से लेकर वृक्षारोपण तक होंगे कई कार्यक्रम
निर्देश के अनुसार स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान स्वच्छता शपथ, जन-जागरूकता रैली, शैक्षणिक परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई, प्लास्टिक उन्मूलन अभियान, 'वन यूथ. वन हाउसहोल्ड' पहल, मिशन लाइफ, वृक्षारोपण, कार्यशालाएं, वाद-विवाद प्रतियोगिता, पोस्टर, चित्रकला, निबंध लेखन और नुक्कड़ नाटक जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा.
गांवों और सार्वजनिक स्थलों पर चलेगा विशेष अभियान
एनएसएस इकाइयों को निकटवर्ती गांवों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, तालाबों, नदियों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है. अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना और लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना है.
My Bharat Portal पर अपलोड करनी होगी रिपोर्ट
क्षेत्रीय निदेशालय ने निर्देश दिया है कि सभी एनएसएस इकाइयां My Bharat Portal पर Swachhata Pakhwada 2026 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों का पंजीकरण करें. कार्यक्रम संपन्न होने के बाद फोटो, वीडियो और विस्तृत प्रतिवेदन भी पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा.
डीएवी कॉलेज ने शुरू की तैयारी
डीएवी कॉलेज, सीवान के प्राचार्य प्रोफेसर के. पी. गोस्वामी ने बताया कि क्षेत्रीय निदेशालय के निर्देशों के अनुरूप अभियान की सफलता के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. उन्होंने कहा कि इस अभियान में स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि स्वच्छता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके.
