अपहरण की अफवाह से परीक्षा केंद्र के बाहर छात्रों का हंगामा

जिले के हुसैनगंज बाजार में बुधवार की रात को एक अफवाह ने ऐसा तूल पकड़ा कि मैट्रिक परीक्षा केंद्र के बाहर भारी बवाल मच गया.

सीवान. जिले के हुसैनगंज बाजार में बुधवार की रात को एक अफवाह ने ऐसा तूल पकड़ा कि मैट्रिक परीक्षा केंद्र के बाहर भारी बवाल मच गया. एक छात्र के कथित अपहरण की खबर फैलते ही परीक्षार्थी उग्र हो उठे और देखते ही देखते प्रदर्शन हिंसक रूप ले बैठा. कुछ दुकानों और वाहनों में उग्र छात्रों द्वारा तोड़फोड़ भी किया. घटना हुसैनगंज बाजार स्थित एमएस. हाइ स्कूल के बाहर की है, जहां मैट्रिक परीक्षा का केंद्र बनाया गया था. दूसरी पाली में गणित की परीक्षा देने वाला एक छात्र परीक्षा समाप्त होने के बाद अपने साथियों को बिना बताये कहीं चला गया और मोबाइल फोन भी बंद कर लिया. शाम तक जब परिजन संपर्क नहीं कर पाये तो वे उसकी तलाश में परीक्षा केंद्र पहुंचे. इसी बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने अफवाह फैला दी कि कुछ बाइक सवार युवक छात्र का अपहरण कर ले गए हैं. अफवाह आग की तरह फैल गयी और परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद छात्रों में आक्रोश भड़क उठा. उग्र छात्रों ने बाजार में प्रदर्शन शुरू कर दिया और कई स्थानों पर तोड़फोड़ की. आने-जाने वाले राहगीरों और उनके वाहनों को भी नुकसान पहुंचाने की सूचना है.

छात्रों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया

एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि बुधवार की रात लगभग 09:00 बजे हुसैनगंज थाना को स्थिति की जानकारी मिली. सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 एवं थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छात्रों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और विधि-व्यवस्था बहाल की. जांच के दौरान कथित रूप से लापता छात्र को डेढ़ घंटे के अंदर जी.बी. नगर थाना क्षेत्र स्थित उसके घर से सकुशल बरामद कर लिया गया. पुलिस के अनुसार छात्र का अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि गणित की परीक्षा ठीक नहीं जाने के कारण वह स्वयं घर चला गया था. हंगामा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में करीब 600 अज्ञात छात्रों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने साफ किया है कि अफवाह फैलाने वालों और तोड़फोड़ में शामिल लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी. पुलिस अधीक्षक ने आमजनों से अपील की है कि किसी भी भ्रामक या अपुष्ट सूचना को सोशल मीडिया पर साझा न करें. अफवाहें न केवल कानून-व्यवस्था को प्रभावित करती हैं, बल्कि निर्दोष लोगों को भी नुकसान पहुंचाती हैं. फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बतायी जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPAK MISHRA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >