सीवान: साइबर मंगलवार अभियान: वीएम हाई स्कूल में छात्रों को दी गई डिजिटल सुरक्षा की जानकारी

सीवान जिले में बढ़ते साइबर अपराधों के मद्देनजर 'साइबर मंगलवार' अभियान चलाया गया. इसके तहत विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के तरीके बताए गए.

सीवान: जिले में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए मंगलवार को "साइबर मंगलवार" अभियान के तहत विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया. पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निर्देश पर वीएम उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय, पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा और उप विकास आयुक्त ने छात्रों को डिजिटल सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं.

वहीं जिले के अन्य स्कूलों और कॉलेजों में भी पुलिस पदाधिकारियों की ओर से साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए.

साइबर ठगी के नए तरीकों से बचने की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान छात्रों को ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों के बारे में जानकारी दी गई और उनसे सतर्क रहने की अपील की गई. पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और ओटीपी या यूपीआई पिन साझा करने जैसी गलतियों के कारण लोग साइबर अपराधियों के शिकार हो रहे हैं.

उन्होंने छात्रों से कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या यूपीआई पिन साझा नहीं करें. थोड़ी सी सावधानी से साइबर अपराधों से बचा जा सकता है.

ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल

अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी की घटना होती है तो वह तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं. समय रहते शिकायत करने से कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है और नुकसान को कम किया जा सकता है.

सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने पर जोर

कार्यक्रम में छात्रों को मजबूत पासवर्ड बनाने, डिजिटल भुगतान में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने और मोबाइल एप केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से डाउनलोड करने की सलाह दी गई.

इसके अलावा ऑनलाइन गेम, विदेशी गेमिंग एप और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ठगी के तरीकों की भी जानकारी दी गई. छात्राओं और महिलाओं को सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो साझा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई.

छात्रों ने पूछे साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया. पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें.

Also Read: CM सम्राट बोले- जीविका दीदियों के कहने पर सरकार ने बिजली फ्री की और पेंशन बढ़ाई, चुनाव से पहले कराया था महिला संवाद


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pankaj Kumar

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >