सीवान: दरौंदा थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में देर रात एक पिकअप वाहन सड़क निर्माण कार्य के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी भरे खेत में जा गिरा. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन में लदे पशुओं सहित पिकअप को जब्त कर थाने ले आई. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
हादसे के बाद चालक और अन्य लोग मौके से फरार
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद वाहन में सवार सभी लोग पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गए. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पिकअप पर बड़े अक्षरों में "बिहार सरकार" लिखा हुआ है. पुलिस वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर, चेसिस नंबर और इंजन नंबर के आधार पर उसके वास्तविक मालिक का पता लगाने में जुटी है.
टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल
घटना के दौरान पिकअप की सड़क निर्माण कार्य में लगे एक वाहन से भी टक्कर हो गई, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज दरौंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है.
पशु चोरी की आशंका, लेकिन आधिकारिक पुष्टि नहीं
स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि पिकअप में लदे पशुओं को अज्ञात लोग चोरी कर ले जा रहे थे. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है.
थानाध्यक्ष बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
दरौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. यदि जांच में यह प्रमाणित होता है कि वाहन में लदे पशु चोरी के थे, तो संबंधित आरोपितों के खिलाफ पशु चोरी, दुर्घटना, सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य लागू धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
