Siwan News: सीवान जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से वंचित पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने तथा पेंशन से जुड़ी विभिन्न त्रुटियों के सुधार के लिए 14 जुलाई से विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा. जिला प्रशासन के निर्देश पर यह शिविर सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से आयोजित होगा. शिविर का समय पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक निर्धारित किया गया है ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके.
प्रथम चरण का पूरा शेड्यूल
सीवान के पहले चरण में 14 जुलाई को लकड़ी नबीगंज, भगवानपुर हाट और बसंतपुर प्रखंड कार्यालय में शिविर लगाया जाएगा. इसके बाद 15 जुलाई को दरौंदा, महाराजगंज और गोरेयाकोठी, 16 जुलाई को सीवान सदर, बड़हरिया और पचरुखी तथा 17 जुलाई को हसनपुरा, सिसवन और रघुनाथपुर प्रखंड कार्यालय में शिविर आयोजित किया जाएगा. इन शिविरों में संबंधित क्षेत्र के लोग अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे.
द्वितीय चरण की तय तिथियां
सीवान में इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए 18 जुलाई को हुसैनगंज और आंदर, 20 जुलाई को दरौली और गुठनी तथा 21 जुलाई को मैरवा, नौतन और जीरादेई प्रखंड कार्यालय में विशेष शिविर लगाया जाएगा. जिला प्रशासन ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और सामाजिक सुरक्षा सेल के कर्मियों को शिविर के सफल संचालन के लिए मुस्तैद रहने का कड़ा निर्देश जारी किया है.
मौके पर होगा तुरंत सुधार
सीवान के इन शिविरों के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से वंचित पात्र लोगों के नए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. इसके साथ ही पुराने पेंशनधारियों के नाम, बैंक खाता, पहचान पत्र, मोबाइल नंबर, ई-केवाईसी, भुगतान संबंधी तकनीकी त्रुटियों तथा अन्य सभी ब्लॉक स्तरीय समस्याओं का भी मौके पर त्वरित समाधान किया जाएगा. इस पहल से बुजुर्गों और दिव्यांगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
Also Read: सीवान: जनता दरबार में दो भूमि विवादों का हुआ निपटारा, दो नए मामलों पर सुनवाई शुरू
