Siwan Monthly Crime Seminar : सीवान में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रणनीति अपनाई है. मासिक अपराध गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने सभी पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ तेज और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए.
Siwan Monthly Crime Seminar : मासिक अपराध गोष्ठी का हुआ आयोजन
समाहरणालय सभागार में आयोजित जून माह की मासिक अपराध गोष्ठी में हत्या, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई. बैठक में बेहतर कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया गया, जबकि लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई.
अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस अपनाने का निर्देश
पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीएसपी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए. एसपी ने हत्या, आर्म्स एक्ट समेत अन्य गंभीर मामलों का अनुसंधान तेजी से पूरा कर आरोपियों को शीघ्र सजा दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई ही अपराध नियंत्रण का सबसे प्रभावी माध्यम है.
फरार अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी तेज करने का आदेश
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को सक्रिय अपराधियों, जेल से छूटे अपराधियों और फरार अभियुक्तों की सूची नियमित रूप से अपडेट करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही लंबित वारंट, कुर्की और गिरफ्तारी वारंट के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने तथा वांछित अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा.
बीएनएसएस और पीएमएलए के तहत होगी सख्त कार्रवाई
बैठक में असामाजिक तत्वों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 126, 129, 132 और 135 तथा सीसीए के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त करने के लिए बीएनएसएस की धारा 107 के तहत प्रस्ताव भेजने और आवश्यकता पड़ने पर प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत भी कार्रवाई शुरू करने पर जोर दिया गया.
पासपोर्ट सत्यापन से लेकर आम लोगों के सम्मानजनक व्यवहार पर जोर
एसपी ने लंबित पासपोर्ट सत्यापन, चरित्र सत्यापन और अन्य आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि थानों में आने वाले लोगों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो. प्रत्येक थाना में आगंतुक पंजी का नियमित संधारण भी अनिवार्य किया गया.
रात्रि गश्ती और वाहन जांच अभियान होंगे और सख्त
बैठक में नियमित रात्रि गश्ती, पैदल गश्ती और वाहन जांच अभियान को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया. संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने तथा थाना परिसरों में नियमित गुंडा परेड और चौकीदार परेड आयोजित करने पर भी जोर दिया गया.
बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों को मिला सम्मान
बैठक के दौरान नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार को मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने, मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में कमी लाने और गृहभेदन के मामलों के त्वरित उद्भेदन के लिए "SHO of the Month" घोषित किया गया. वहीं 15 से अधिक मामलों का सफल अनुसंधान करने वाले पुलिस अवर निरीक्षक ललन सिंह (महाराजगंज), धनंजय कुमार (लकड़ी नबीगंज), लालबाबू प्रसाद (महाराजगंज) और विरेंद्र पांडेय (भगवानपुर हाट) को भी सम्मानित किया गया.
एसपी की दो टूक, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
बैठक के अंत में एसपी पुरन कुमार झा ने स्पष्ट कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति लागू रहेगी. बेहतर कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए आम लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
