सीवान से सच्चेन्द्र द्विवेदी की रिपोर्ट
Siwan Weather Update: बिहार के कई जिलों में भीषण गर्मी का दौर जारी है. गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल है. सीवान में भी मानसून की दस्तक से पहले उमस भरी गर्मी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है. तेज धूप, हवा में बढ़ी नमी और बार-बार हो रही बिजली कटौती ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 घंटे में कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
सुबह से ही उमस और गर्मी ने बढ़ाई बेचैनी
बुधवार को सीवान में दिन की शुरुआत तेज धूप और चिपचिपी गर्मी के साथ हुई. सुबह के समय ही तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं हवा में नमी का स्तर 75 फीसदी दर्ज किया गया, जिससे लोगों को सामान्य से अधिक गर्मी महसूस हुई.
पुरवा हवा भी नहीं दे सकी राहत
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पुरवा हवा करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली. हालांकि हवा की गति काफी कम होने के कारण लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल सकी. घरों में चल रहे पंखे और कूलर भी बेअसर नजर आए.
बाजारों और सड़कों पर दिखा गर्मी का असर
तीखी धूप और उमस का असर शहर के बाजारों और सड़कों पर साफ दिखाई दिया. दोपहर के समय केवल जरूरी काम से ही लोग घरों से बाहर निकले. सामान्य दिनों की तुलना में बाजारों में भीड़ कम रही और कई स्थानों पर सन्नाटा पसरा रहा.
अगले 24 घंटे में बूंदाबांदी के संकेत
मौसम विशेषज्ञ भोलेन्द्र कुमार ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी दर्ज की जा सकती है. उन्होंने कहा कि जब तक मानसूनी गतिविधियां पूरी तरह सक्रिय नहीं होतीं, तब तक लोगों को उमस भरी गर्मी से पूरी राहत मिलने की संभावना कम है. हालांकि बादलों की आवाजाही और हल्की वर्षा से तापमान में थोड़ी कमी आ सकती है.
बिजली कटौती ने बढ़ाई लोगों की मुश्किल
भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था भी लोगों की परेशानी का कारण बनी हुई है. कई इलाकों में बिजली की आंखमिचौली और लो वोल्टेज की समस्या लगातार बनी हुई है. मंगलवार की आधी रात से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही. ग्रामीण अजय यादव, उपेंद्र यादव, निखिल गिरी और आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि बार-बार बिजली कटने और लो वोल्टेज के कारण दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है. लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से इनवर्टर भी जवाब देने लगे हैं.
उमस के कारण बढ़ रहे बीमारी के मामले
बदलते मौसम और बढ़ती उमस का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है. अस्पतालों में सर्द-गर्म, बुखार, डायरिया और पेट संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है. चिकित्सकों का कहना है कि इस मौसम में संक्रमण का खतरा अधिक रहता है. इसलिए लोगों को खानपान और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है.
डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
चिकित्सक डॉ. संजय गिरी के अनुसार गर्मी और उमस के मौसम में शरीर में पानी की कमी नहीं होने देनी चाहिए. लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए और बासी भोजन से बचना चाहिए. उन्होंने सलाह दी कि धूप में निकलने से पहले पानी पीकर निकलें. साथ ही नींबू पानी, बेल का शरबत और अन्य प्राकृतिक पेय पदार्थों का सेवन अधिक करें ताकि शरीर में पानी और ऊर्जा की कमी न हो.
आगे कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले एक-दो दिनों में बादलों की सक्रियता बढ़ सकती है. यदि स्थानीय स्तर पर बारिश होती है तो लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में बारिश की गतिविधियों के शुरु होने की संभावना जताई है. आने वाले कुछ दिनों के लिए मौसम विभाग ने मेघ गर्जन, वज्रपात की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग की मानें तो 23 से 24 जून तक जिले में मानसून की गतिविधि भी शुरु हो सकती है.
Also Read: सीवान में भीषण गर्मी के कारण 20 जून तक आठवीं तक की सभी कक्षाएं बंद, डीएम का आदेश जारी
