Siwan News : पचरुखी प्रखंड क्षेत्र के झुनापुर गांव में करीब 15 दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज ग्रामीण मंगलवार को सड़क पर उतर आए. दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सीवान-बड़हरिया मुख्य मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया. सड़क जाम होने से मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
बिजली विभाग के अधिकारियों पर फोन नहीं उठाने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली समस्या को लेकर महाराजगंज और पचरुखी स्थित विद्युत कार्यालय में लगातार फोन किया गया, लेकिन जेई और लाइनमैन ने फोन नहीं उठाया. ग्रामीणों के अनुसार, समस्या की जानकारी देने के बावजूद विभाग की ओर से बिजली बहाल कराने के लिए ठोस पहल नहीं की गयी.
पुराना ट्रांसफार्मर लगाया, दो दिन बाद ही जल गया
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले सीवान में मेला के नाम पर बिजली आपूर्ति बंद की गयी थी. इसके बाद करीब दो दिन पहले गांव में पुराना ट्रांसफार्मर लगाया गया. लेकिन सोमवार को यह ट्रांसफार्मर भी जल गया. इसके बाद पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गयी और ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गयी.
विद्युत कार्यालय पहुंचे ग्रामीण, नहीं मिला संतोषजनक जवाब
मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण समस्या के समाधान की मांग को लेकर पचरुखी विद्युत कार्यालय पहुंचे. ग्रामीणों का कहना है कि वहां संबंधित अधिकारी मौजूद नहीं थे और उन्हें समस्या के समाधान को लेकर कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं मिला. इससे नाराज ग्रामीण वापस लौटे और सीवान-बड़हरिया मुख्य मार्ग पर पहुंचकर सड़क जाम कर दिया.
24 घंटे का अल्टीमेटम, नहीं सुधरी बिजली तो आंदोलन
सड़क जाम के दौरान करीब 100 ग्रामीण मौजूद थे. ग्रामीणों ने विभाग को चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर गांव की विद्युत व्यवस्था बहाल नहीं की गयी, तो वे आगे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बिजली नहीं रहने के कारण घरों के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं.
