सीवान रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में मोबाइल झपटने वाला शातिर गिरफ्तार, चोरी का फोन खरीदने वाला दुकानदार भी दबोचा गया

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी सीवान ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चलती ट्रेन से यात्रियों के मोबाइल झपटने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी का मोबाइल खरीदने वाले दुकानदार को भी पकड़ा है.

चलती ट्रेन में यात्रियों के हाथ से मोबाइल झपटने वाले एक शातिर अपराधी को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी सीवान की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी का मोबाइल खरीदने वाले एक दुकानदार को भी गिरफ्तार किया. दोनों के पास से चोरी का एक रियलमी नार्जो मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है.

लिच्छवी एक्सप्रेस में वारदात के बाद पुलिस ने बिछाया जाल

मंगलवार को आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव और जीआरपी प्रभारी निरीक्षक विकास कुमार आजाद के नेतृत्व में संयुक्त टीम सीवान रेलवे स्टेशन के पूर्वी आउटर स्थित मालगोदाम क्षेत्र में गश्त कर रही थी. इसी दौरान सूचना मिली कि 14005 सीतामढ़ी. आनंद विहार लिच्छवी एक्सप्रेस के सीवान पहुंचने से पहले एक युवक ने यात्री राजा कुमार के हाथ से मोबाइल झपट लिया और फरार हो गया.

दोबारा वारदात की कोशिश में आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी. कुछ ही देर बाद वही युवक लोहित एक्सप्रेस में फिर से यात्रियों का मोबाइल झपटने की कोशिश करता दिखाई दिया. पुलिस टीम ने पीछा कर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया.

दुकानदार के पास से बरामद हुआ चोरी का मोबाइल

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर इस्लामिया नगर निवासी 20 वर्षीय सेराज अंसारी के रूप में बताई. उसने स्वीकार किया कि वह झपटे गए मोबाइल सिसवन ढाला स्थित मोबाइल दुकानदार लाल बाबू कुमार को बेचता था. इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर चोरी का रियलमी नार्जो मोबाइल बरामद किया और वार्ड 42 निवासी 27 वर्षीय लाल बाबू कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया.

रेल थाना में दर्ज हुआ मामला

पुलिस के अनुसार आरोपी सीवान स्टेशन के पूर्वी आउटर और मालगोदाम इलाके में चलती ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल झपटने की घटनाओं को अंजाम देता था. दोनों आरोपितों के खिलाफ रेल थाना सीवान में कांड संख्या 134/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.

संयुक्त टीम की कार्रवाई रही सफल

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, हेड कांस्टेबल परमेंद्र राय, कांस्टेबल आबिद अली और कांस्टेबल उपेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही. संयुक्त अभियान के जरिए पुलिस ने मोबाइल झपटमारी करने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य और चोरी का सामान खरीदने वाले दुकानदार दोनों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >