Siwan APAAR ID Construction : शिक्षा विभाग की समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार एक से 16 जुलाई 2026 के बीच APAAR ID निर्माण में सीवान जिला 61.77 प्रतिशत उपलब्धि के साथ बिहार के 38वें और अंतिम स्थान पर रहा. वहीं भागलपुर 85.12 प्रतिशत के साथ पहले, शेखपुरा 83.13 प्रतिशत के साथ दूसरे और मुजफ्फरपुर 81.56 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है.
4.85 लाख छात्रों का बनना है APAAR ID
जिला एमआईएस प्रभारी मो. गुलरेज अंसारी ने बताया कि जिले में कुल 4,85,973 छात्रों का APAAR ID बनाया जाना है. इनमें 3,52,152 छात्रों का आधार सत्यापन पूरा हो चुका है. सत्यापन के आधार पर 3,00,176 छात्रों का APAAR ID तैयार किया गया है, जबकि 51,976 आधार सत्यापित छात्रों का APAAR ID अभी बनना शेष है. विभागीय आंकड़ों के अनुसार कुल 1,33,821 छात्रों का कार्य अभी लंबित है.
तकनीकी समस्याएं बन रही हैं बड़ी बाधा
विभाग के अनुसार कई छात्रों के नाम और आधार विवरण में स्पेलिंग संबंधी अंतर सहित अन्य तकनीकी खामियां सामने आ रही हैं. इसी वजह से आधार सत्यापन और APAAR ID निर्माण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है.
निजी विद्यालयों का प्रदर्शन भी रहा कमजोर
निजी विद्यालयों के मामले में सीवान की स्थिति भी संतोषजनक नहीं रही. जिले ने 30.84 प्रतिशत उपलब्धि के साथ राज्य में 34वां स्थान हासिल किया है. निजी विद्यालयों के 1,62,448 छात्रों में 78,975 का आधार सत्यापन हुआ है, जबकि 50,097 छात्रों का APAAR ID बन चुका है और 28,878 छात्रों का निर्माण अभी बाकी है.
सरकारी विद्यालयों की रैंकिंग 22वें स्थान पर
सरकारी विद्यालयों की श्रेणी में सीवान 22वें स्थान पर है. कुल 3,15,150 छात्रों में 2,67,851 का आधार सत्यापन हुआ है. इनमें 2,46,000 छात्रों का APAAR ID तैयार हो चुका है, जबकि 21,851 छात्रों का निर्माण शेष है.
पूरे बिहार में 71.76 प्रतिशत छात्रों का बना APAAR ID
राज्य स्तर पर शिक्षा विभाग के अनुसार 1 से 16 जुलाई तक 71.76 प्रतिशत छात्रों का APAAR ID तैयार किया जा चुका है. सरकारी और निजी विद्यालयों के कुल 1,82,15,832 छात्रों में से 1,43,04,218 का आधार सत्यापन हुआ है, जबकि 1,30,71,510 छात्रों का APAAR ID तैयार किया गया है.
रैंकिंग में लगातार गिरावट बनी चिंता
सीवान की रैंकिंग में पिछले कुछ महीनों से लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. नवंबर-दिसंबर 2025 में जिला 32वें स्थान पर था. जनवरी 2026 में यह 37वें स्थान पर पहुंच गया. फरवरी में सुधार के बाद 34वां स्थान मिला, लेकिन एक से 16 जुलाई 2026 की समीक्षा में जिला 38वें और अंतिम स्थान पर पहुंच गया.
डीईओ ने दिए कार्रवाई और तेजी लाने के निर्देश
जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को APAAR ID निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने बताया कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले विद्यालय प्रधानों के विरुद्ध समय-समय पर कार्रवाई भी की जा रही है.
