Siwan News: सीवान जिले में अपराध नियंत्रण, फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बीते 24 घंटे में बड़ी कार्रवाई की है. इस दौरान 21 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 342 लीटर अवैध शराब जब्त की गई. साथ ही 25 लंबित वारंटों का निष्पादन और एक कुर्की की कार्रवाई भी की गई.
कई मामलों के आरोपित गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि गिरफ्तार 21 अभियुक्तों में शराब तस्करी और मद्य निषेध कानून से जुड़े सात, वारंट के चार, आर्म्स एक्ट का एक, हत्या के प्रयास के आठ तथा अन्य मामले का एक अभियुक्त शामिल है.
342 लीटर शराब जब्त, हथियार भी बरामद
विशेष अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 342 लीटर अवैध शराब बरामद की गई. इसके अलावा पुलिस ने एक देसी कट्टा, एक कारतूस, पांच दोपहिया वाहन और एक कार भी जब्त की.
वाहन जांच में 34 हजार रुपये जुर्माना
यातायात नियमों के उल्लंघन पर चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 34 हजार रुपये का जुर्माना वसूला. पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की.
अभियान रहेगा लगातार जारी
पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा ने कहा कि जिले में अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध शराब के कारोबार पर रोक और लंबित वारंटों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
इसे भी पढ़ें: बिहार में इस उद्योग के लिए सरकार देगी 70 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी, एक क्लिक में होगा आवेदन
