Sipahi Bharti Nakal: सीवान में सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान ब्लूटूथ और वॉकी-टॉकी के जरिए कथित तौर पर नकल कराने के चर्चित मामले का आरोपी अनीश कुमार उर्फ रोशन कुमार उर्फ फोट्टी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. घटना को दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी है. पुलिस टीम ने नवादा जिले में उसके पैतृक आवास समेत कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन वह हाथ नहीं लगा.
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए अनीश लगातार अपना लोकेशन बदल रहा है. पुलिस को आशंका है कि वह गिरफ्तारी के डर से अपने परिचितों के यहां शरण ले रहा है. फिलहाल उसकी तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है.
परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से नकल कराने की साजिश का आरोप
पुलिस जांच के अनुसार 28 जून को हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सूरापुर स्थित आरएस पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए कथित तौर पर नकल कराने की साजिश रची गयी थी. पुलिस का आरोप है कि इस पूरी व्यवस्था में अनीश कुमार की प्रमुख भूमिका थी.
इसी मामले में नवादा जिले के कुंदन कुमार और नीतीश कुमार को पुलिस गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है. पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने कथित तौर पर अनीश की भूमिका के बारे में जानकारी दी.
ब्लूटूथ और वॉकी-टॉकी उपलब्ध कराने का आरोप
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि ब्लूटूथ, वॉकी-टॉकी समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अनीश की ओर से उपलब्ध कराये गये थे. परीक्षा के दौरान बाहर से प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी उसी के द्वारा किये जाने की बात सामने आयी है.
जांच के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, वॉकी-टॉकी, इयरफोन समेत अन्य तकनीकी उपकरण बरामद किये थे. पुलिस इन उपकरणों की तकनीकी जांच भी करा चुकी है.
कितना बड़ा है नकल कराने वाले गिरोह का नेटवर्क?
मामले की जांच के दौरान पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कथित नकल गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें कितने लोग शामिल हैं. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इसी गिरोह ने राज्य के दूसरे जिलों में आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षाओं में भी अभ्यर्थियों को नकल कराने की कोशिश की थी.
पुलिस सूत्रों के अनुसार फरार आरोपित के मोबाइल की कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है. हालांकि लगातार लोकेशन बदलने के कारण पुलिस को उसकी गिरफ्तारी में परेशानी हो रही है.
गिरफ्तारी के बाद खुल सकता है पूरा नेटवर्क
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि अनीश की गिरफ्तारी के बाद मामले में शामिल अन्य लोगों और कथित नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है. इसके अलावा परीक्षा केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कैसे पहुंचे और जांच व्यवस्था में कहां चूक हुई, इसकी भी पड़ताल की जा रही है.
नवादा में कई ठिकानों पर छापेमारी
हुसैनगंज पुलिस की टीम अनीश की गिरफ्तारी के लिए नवादा पहुंची थी. पुलिस ने उसके पैतृक आवास समेत कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की. हालांकि पुलिस को वहां से भी सफलता नहीं मिली. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
बोले थानाध्यक्ष
आरोपी अनीश की गिरफ्तारी के लिए टीम नवादा गयी थी. पैतृक आवास सहित कई स्थानों पर छापेमारी की गयी. हालांकि वह फरार है. जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मोहन प्रसाद, थानाध्यक्ष, हुसैनगंज
इसे भी पढ़ें:सीवान में एक किशोर गहरे पानी में डूबा, तीन साथी छोड़कर भागे, अब पुलिस तलाश रही राज
