Siwan PACS Election: सीवान जिले के तीन प्रखंडों के छह पैक्सों में अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में मंगलवार को मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया. कुल 10,624 मतदाताओं में 4,639 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. इस तरह कुल मतदान प्रतिशत 43.66 रहा. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी 18 मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.
सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान शाम तक जारी रहा. मतदान शुरू होने से पहले ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतार लग गयी थी. महिला और पुरुष मतदाताओं ने निर्भीक होकर अपनी पसंद के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया.
बड़हरिया के चार पैक्सों में पड़े सबसे अधिक वोट
प्रखंडवार मतदान की बात करें तो बड़हरिया के चार पैक्सों में मतदाताओं ने सबसे अधिक मतदान किया. सुंदरपुर पैक्स में 525, रसूलपुर पैक्स में 724, दीनदयालपुर पैक्स में 1,160 और भोपतपुर पैक्स में 718 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
इस प्रकार बड़हरिया प्रखंड के चारों पैक्सों में कुल 3,127 मतदाताओं ने मतदान किया. इन केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला.
दरौंदा और गुठनी में भी मतदाताओं ने किया मतदान
दरौंदा प्रखंड के करसौत पैक्स में 698 मतदाताओं ने मतदान किया. वहीं गुठनी प्रखंड के सोनहुला पैक्स में 814 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
इस तरह तीनों प्रखंडों के छह पैक्सों में कुल 4,639 मतदाताओं ने मतदान किया. कुल 10,624 मतदाताओं में 43.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे. मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा महिला और पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गयी थी.
मतदान केंद्रों के आसपास जमा होने वाली ग्रामीणों की भीड़ को पुलिस लगातार हटाती रही. विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन सुपर जोनल दंडाधिकारी और तीन पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गयी थी. इसके अलावा छह सेक्टर पदाधिकारी सह जोनल दंडाधिकारी और छह पुलिस पदाधिकारियों को भी ड्यूटी पर लगाया गया था.
पर्ची की जांच के बाद दिया गया मतपत्र
मतदान के दौरान सबसे पहले मतदाताओं की पर्ची की जांच मतदान अभिकर्ताओं द्वारा की गयी. इसके बाद मतदाताओं को मतपत्र उपलब्ध कराया गया. मतदाताओं ने अपनी पसंद के प्रत्याशी के चुनाव चिह्न वाले कॉलम में मुहर लगायी और मतपत्र को बैलेट बॉक्स में डाला.
मतदान के दौरान किसी भी मतदान केंद्र से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली. मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया.
शांतिपूर्ण मतदान के बाद प्रशासन ने ली राहत की सांस
छह पैक्सों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली. पूरे मतदान के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार केंद्रों की निगरानी करते रहे. सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
