Siwan News : दिशा बैठक में बाढ़, पीडीएस और कूड़ा उठाव व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

Siwan News : सांसद सीग्रीवाल की अध्यक्षता में दिशा बैठक, विभागों को दिए कई अहम निर्देश

Siwan News (विवेक कुमार सिंह) : अंबेडकर भवन स्थित संवाद कक्ष में शनिवार को आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों की कार्यशैली पर जमकर नाराजगी जतायी. बैठक की अध्यक्षता महाराजगंज सांसद सह समिति अध्यक्ष जनार्दन सिंह सीग्रीवाल ने की. बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की समीक्षा के दौरान बाढ़, स्वच्छता, शिक्षा, पीडीएस, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य और नगर निकायों की कार्यप्रणाली से जुड़े कई गंभीर मुद्दे उठे.बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा गोरेयाकोठी, बसंतपुर और भगवानपुरहाट प्रखंड से गुजर रही धमई नदी की सफाई का रहा. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नदी में भारी मात्रा में गाद जमा होने के कारण बरसात के दिनों में कई गांव जलमग्न हो जाते हैं और किसानों की खेती चौपट हो जाती है. वहीं रघुनाथपुर क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से हर साल फसल बर्बाद होने की समस्या भी उठायी गयी.स्वच्छता व्यवस्था को लेकर बैठक में तीखी नाराजगी देखने को मिली. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जिले के अधिकांश पंचायतों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाव पूरी तरह ठप है. कूड़ा उठाव के लिए खरीदे गये टोटो और रिक्शा बंद पड़े हैं तथा कचरा रखने के लिए बने भवनों में ताला लटका हुआ है.बैठक में स्वास्थ्य विभाग की स्थिति पर भी चर्चा हुई. सांसद व डीएम ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के जर्जर भवनों को ध्वस्त कराया जाए तथा रोगी कल्याण समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित हो.मौके पर सांसद विजय लक्ष्मी देवी, जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय, विधायक ओसामा सहाब,जिला परिषद अध्यक्ष संगीता देवी, डीडीसी मुकेश कुमार, एडीएम प्रमोद कुमार राम,हसनपुरा नगर पंचायत चेयरमैन बेबी देवी सहित अन्य मौजूद थे.

शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर विधायकों ने कड़ी नाराजगी जतायी

शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर विधायकों ने कड़ी नाराजगी जतायी. गोरेयाकोठी विधायक देवेशकांत सिंह और बड़हरिया विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल ने कहा कि विद्यालयों में भवन और लैब का निर्माण कराया जा रहा है लेकिन किसी भी जनप्रतिनिधि को इसकी सूचना नहीं दी जा रही है. यहां तक कि शिलान्यास तक नहीं कराया जा रहा. उन्होंने कहा कि निर्माण स्थलों पर सूचना बोर्ड तक नहीं लगाया गया है. इस पर निर्णय लिया गया कि 15 दिनों के भीतर सभी निर्माण स्थलों पर सूचना बोर्ड लगाया जाएगा तथा जांच टीम बनाकर पूरे मामले की जांच करायी जाएगी. साथ ही तय हुआ कि आगे किसी भी सरकारी कार्य का शिलान्यास जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कराया जाएगा.जीरादेई विधायक भीष्म प्रताप सिंह ने जिला शिक्षा पदाधिकारी पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि मॉडल विद्यालय से संबंधित जानकारी तक जनप्रतिनिधियों को नहीं दी जा रही है. महाराजगंज विधायक हेमनारायण साह ने कहा कि जिले में कई ऐसे विद्यालय हैं जहां एक कमरे में पढ़ाई होती है जबकि वहां नौ-नौ शिक्षक पदस्थापित हैं. उन्होंने पूरे जिले में इस तरह की विसंगतियों की जांच की मांग की.

तीन एजेंसियों को सफाई कार्य सौंपे जाने के बाद स्थिति और बदतर हो गयी

नगर परिषद क्षेत्र में भी सफाई व्यवस्था पर सवाल उठे. लोजपा जिलाध्यक्ष सह सदस्य महादेव पासवान ने कहा कि नगर परिषद में तीन एजेंसियों को सफाई कार्य सौंपे जाने के बाद स्थिति और बदतर हो गयी है. शहर में चारों तरफ कूड़े का अंबार लगा हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि बिना बोर्ड की स्वीकृति के 23 ट्रैक्टर और 23 ट्राली की खरीद कर ली गयी.साथ ही सरकारी विद्यालयों में पीएचईडी द्वारा लगाए गये समर्सिबल के पाइप मानक के अनुसार नहीं गाड़े जाने का मामला भी उठा. आरोप लगाया गया कि कई विद्यालयों में पीला और गंदा पानी निकल रहा है.उन्होंने कहा कि शिक्षक दिनेश मांझी का वेतन करीब 40 महीने से लंबित है.इसके अलावा शहर के पाल नगर मोहल्ले में बिजली के नीचे लटके तारों को लेकर भी हादसे की आशंका जतायी गयी.

मनरेगा से बने खेल मैदान की करायी जाए जांच

गोरेयाकोठी विधायक ने लकड़ीनवीगंज में प्रखंड सह अंचल कार्यालय के शिलान्यास में प्रोटोकॉल उल्लंघन का मुद्दा उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि सीओ द्वारा शिलान्यास कर दिया गया लेकिन किसी भी जनप्रतिनिधि को आमंत्रित नहीं किया गया. उन्होंने पीएम पोषण योजना में भी बड़े पैमाने पर अनियमितता का आरोप लगाया और कहा कि गोरेयाकोठी प्रखंड साधन सेवी पिछले दस वर्षों से एक ही जगह जमे हुए हैं. विधायक ने मनरेगा से बने खेल मैदानों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग भी की. उनका कहना था कि लकड़ीनवीगंज, बसंतपुर और गोरेयाकोठी में बने कई खेल मैदान कुछ ही महीनों में टूट गये हैं. रामजानकी पथ निर्माण कार्य में ओवरलोडिंग का मुद्दा भी गरमाया. महाराजगंज और गोरेयाकोठी विधायक ने कहा कि निर्माण एजेंसी द्वारा ओवरलोड वाहनों से मिट्टी और बालू की ढुलाई करायी जा रही है, जिससे ग्रामीण सड़कें टूटने लगी हैं. अफराद मोड़ के समीप एजेंसी द्वारा सड़क किनारे कैंप बनाये जाने से सड़क पर मिट्टी फैल रही है. बारिश में वाहन फिसलकर गिर रहे हैं जबकि धूप में धूल उड़ने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है.

पंचायत समिति की बैठक नौ महीने से आयोजित नहीं होने का मामला उठाया

बैठक के दौरान सीवान सदर प्रमुख आरती देवी ने पंचायत समिति की बैठक नौ महीने से आयोजित नहीं होने का मामला जोरदार तरीके से उठाया. उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है. भावुक होते हुए वह अपनी सीट से उठकर सांसद के पास पहुंचीं और कहा कि दलित महिला होने के कारण उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है तथा विकास कार्य ठप कर दिया गया है. इस पर डीएम ने कहा कि मामला न्यायालय में लंबित है, इसलिए बैठक आयोजित नहीं हो पा रही है. सांसद ने अधिकारियों को मार्गदर्शन लेकर आगे निर्णय लेने का निर्देश दिया.

पीडीएस व्यवस्था में अनियमितता का मामला भी बैठक में गूंजा

पीडीएस व्यवस्था में अनियमितता का मामला भी बैठक में गूंजा.जीरादेई विधायक ने आरोप लगाया कि जिले में लाभुकों को पांच किलो के बजाय केवल चार किलो अनाज दिया जा रहा है. उन्होंने जांच टीम बनाकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की. गोरेयाकोठी विधायक ने कहा कि बिहार राज्य खाद्य निगम के गोदाम से ही कम वजन का अनाज पीडीएस दुकानों तक भेजा जाता है, जिसमें ट्रांसपोर्टरों की मिलीभगत रहती है. उन्होंने आरोप लगाया कि खाद्यान्न ढुलाई में लगी कई गाड़ियों का इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाणपत्र और टैक्स तक अद्यतन नहीं है, फिर भी उन्हें चयनित कर लिया जाता है. जिला परिषद अध्यक्ष संगीता देवी ने भू-अर्जन कार्यालय में भुगतान लंबित रहने का मामला उठाया.उन्होंने कहा कि जिला परिषद द्वारा सभी आवश्यक कागजात जमा करने के बावजूद भुगतान नहीं किया जा रहा है.

Also Read : Saran News : अमनौर में दर्दनाक हादसा: मशीन पलटते ही मची अफरा-तफरी, एक की मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >