Siwan News : यात्रियों और रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से रविवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सीवान जंक्शन पर स्वान दस्ते के साथ विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया. अभियान के दौरान स्टेशन परिसर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई. जांच में कोई भी संदिग्ध, विस्फोटक या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली, जिससे सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली.
स्टेशन के सभी संवेदनशील स्थानों की ली गई तलाशी
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान के सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार यादव ने स्टाफ के साथ छपरा स्वान दस्ते के सहायक उप निरीक्षक विनोद कुमार यादव एवं प्रशिक्षित श्वान 'रैंबो' के साथ संयुक्त रूप से अभियान चलाया. इस दौरान स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश एवं निकास द्वार, फुट ओवरब्रिज, प्रतीक्षालय, बुकिंग काउंटर, आरक्षण केंद्र, पार्सल कार्यालय, पार्किंग क्षेत्र सहित सभी संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की गई.
ट्रेनों के कोच और लावारिस सामान की भी हुई जांच
स्वान दस्ते की सहायता से स्टेशन परिसर में रखे लावारिस बैग, संदिग्ध पैकेट और अन्य वस्तुओं की बारीकी से जांच की गई. इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर खड़ी तथा आने-जाने वाली प्रमुख मेल, एक्सप्रेस और यात्री ट्रेनों के सामान्य एवं आरक्षित कोच, लगेज वैन तथा यात्रियों के सामान की भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से जांच की गई.
यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
अभियान के दौरान स्टेशन परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी गई और आवश्यकतानुसार उनसे पूछताछ एवं सत्यापन भी किया गया. आरपीएफ ने यात्रियों, कुलियों, वेंडरों और अन्य रेल उपयोगकर्ताओं से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल या जीआरपी को दें.
जांच में नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु
रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, पूरे अभियान के दौरान स्टेशन परिसर और यात्री सुविधाओं का सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक निरीक्षण किया गया. जांच में किसी प्रकार की विस्फोटक, ज्वलनशील या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. अधिकारियों ने बताया कि सीवान जंक्शन पूरी तरह सुरक्षित है और स्टेशन पर सामान्य रूप से रेल परिचालन जारी है.
Also Read : शिव चर्चा के दौरान पोखर में डूबने से छह वर्षीय बच्ची की मौत, गांव में पसरा मातम
