Siwan News: राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीवान मंडल कारा में विशेष स्वास्थ्य जांच एवं टीबी स्क्रीनिंग अभियान चलाया गया. 22 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चले इस 10 दिवसीय अभियान के दौरान कुल 767 बंदियों की स्क्रीनिंग की गई. गहन जांच के बाद 37 बंदी टीबी के संदिग्ध पाए गए हैं, जिनकी आगे की जांच कर बीमारी की पुष्टि की जाएगी.
सभी बंदियों का किया गया एक्स-रे, अलग-अलग दिनों में हुई जांच
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्क्रीनिंग के साथ-साथ सभी 767 बंदियों का एक्स-रे भी किया. जांच अभियान के तहत 22 जुलाई को 34, 23 जुलाई को 68, 24 जुलाई को 87, 25 जुलाई को 78, 27 जुलाई को 139, 29 जुलाई को 109, 30 जुलाई को 130 तथा 31 जुलाई को 122 बंदियों की जांच की गई.
सिफलिस और हेपेटाइटिस-बी के मरीज भी मिले
अभियान के दौरान टीबी के अलावा अन्य गंभीर संक्रामक बीमारियों की भी जांच की गई:
- सिफलिस: 4 बंदी संक्रमित पाए गए.
- हेपेटाइटिस-बी: 5 बंदी संक्रमित मिले.
इन सभी मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में रखा गया है.
तीन माह बाद पुनः आयोजित होगा जांच शिविर
जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि टीबी की पुष्टि होने पर बंदियों को राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत पूरी तरह निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाएगा. जेल जैसे बंद वातावरण में संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए यह स्क्रीनिंग काफी महत्वपूर्ण साबित हुई है. उन्होंने बताया कि तीन माह बाद सीवान मंडल कारा में पुनः कैंप लगाकर बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा.
Also Read: सीवान में शराब तस्करी का नया जाल, माफिया 1000 रुपये के लालच में छात्राओं को बना रहे मोहरा
