सीवान से मनीष गिरी की रिपोर्ट
Siwan Head Teacher: सीवान जिले के नव नियुक्त प्रधानशिक्षकों के लिए शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं. एचआरएमएस आनबोर्डिंग प्रक्रिया को पूरा करने के लिए शिक्षकों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और अन्य आवश्यक अभिलेख निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा करने होंगे. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) ने इस संबंध में सभी संबंधित शिक्षकों और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया है.
क्या है शिक्षा विभाग का नया निर्देश?
जिला शिक्षा पदाधिकारी के स्थापना शाखा की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि नव नियुक्त प्रधान शिक्षकों के एचआरएमएस आनबोर्डिंग कार्य को समय पर पूरा करना जरूरी है. इसके लिए सभी संबंधित शिक्षकों को आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे. निर्देश के अनुसार द्वितीय चरण में चयनित ऐसे प्रधान शिक्षक, जिन्हें अब तक प्रान संख्या आवंटित नहीं हुई है, उन्हें ऑनलाइन आवेदन कर शीघ्र प्रान संख्या प्राप्त करनी होगी. इसके बाद ही उनकी आगे की प्रक्रिया पूरी हो सकेगी.
सीवान की खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
इन दस्तावेजों को जमा करना अनिवार्य
पूर्व से कार्यरत और प्रान संख्या प्राप्त कर चुके प्रधान शिक्षकों को एचआरएमएस फार्म के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, पदस्थापन पत्र और योगदान पत्र की छायाप्रति जमा करनी होगी. इन दस्तावेजों के आधार पर नए पद पर योगदान संबंधी सूचना एचआरएमएस पोर्टल पर अपडेट की जाएगी.
दूसरे जिले से स्थानांतरित शिक्षकों के लिए क्या है व्यवस्था?
जो प्रधान शिक्षक दूसरे जिले से स्थानांतरित होकर सीवान आए हैं और पहले से एचआरएमएस आनबोर्डिंग पूरा कर चुके हैं, उन्हें अपने पुराने जिले से एचआरएमएस इन-एक्टिव (एम्प्लायी कन्वर्जन) कराना होगा. इसके बाद निर्धारित प्रपत्र भरकर आवश्यक अभिलेखों के साथ आवेदन जमा करना होगा.
क्या है दस्तावेज जमा करने की अंतिम समय सीमा?
शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित शिक्षकों को निर्देश दिया है कि वे तीन दिनों के भीतर अपने-अपने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में आवश्यक दस्तावेज जमा करना सुनिश्चित करें. इसके बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सभी अभिलेखों को अग्रसारण पत्र के साथ जिला कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे.
एचआरएमएस आनबोर्डिंग क्यों है महत्वपूर्ण?
एचआरएमएस आनबोर्डिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षकों की सेवा संबंधी सूचनाएं डिजिटल रूप से अपडेट होती हैं. इससे वेतन, सेवा अभिलेख और अन्य प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन आसान हो जाता है. निर्धारित अवधि में दस्तावेज जमा होने के बाद शिक्षा विभाग एचआरएमएस आनबोर्डिंग और सेवा अभिलेखों के अद्यतन की प्रक्रिया पूरी करेगा. समय सीमा का पालन नहीं करने वाले शिक्षकों की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है.
