Siwan girl kidnapping rape case: सीवान शहर के वीएम उच्च विद्यालय के समीप शनिवार को एक युवती को स्कॉर्पियो से अगवा कर दो युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद परिजनों ने युवती को घायल अवस्था में सदर अस्पताल में भर्ती कराया. मामला सामने आने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस सक्रिय हो गयी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है.
परिजनों के अनुसार, युवती को वीएम उच्च विद्यालय के समीप से स्कॉर्पियो से अगवा किया गया और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बांसोपाली गांव ले जाया गया. वहां दो युवकों द्वारा उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किये जाने का आरोप लगाया गया है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
एसपी ने सदर अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़िता का हाल जाना. उन्होंने चिकित्सकों से उसकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और घटना के संबंध में भी आवश्यक पूछताछ की.
एसपी ने बताया कि फिलहाल घटना स्थल पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है. पीड़िता की ओर से भी आरोपितों के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. आरोपितों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
उन्होंने कहा कि वीएम उच्च विद्यालय के समीप दिनदहाड़े कथित घटना होने के बावजूद स्थानीय लोगों और पुलिस को तत्काल जानकारी नहीं मिलना भी जांच का विषय है. पुलिस घटनास्थल, वाहन और घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं की पड़ताल कर रही है.
पीड़िता की हालत गंभीर, चिकित्सकीय जांच जारी
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, युवती की हालत गंभीर बतायी जा रही है. चिकित्सकीय जांच के दौरान गंभीर चोट के कारण रक्तस्राव होने की बात सामने आयी है. रक्तस्राव रोकने के लिए चिकित्सकों ने आवश्यक उपचार किया है.
पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण और आवश्यक उपचार कराया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
पुलिस खंगाल रही घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलू
मुफस्सिल थाना पुलिस घटना स्थल, कथित तौर पर इस्तेमाल किये गये वाहन और घटना से जुड़े अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही है. पुलिस आरोपों की पुष्टि के लिए उपलब्ध जानकारी और साक्ष्यों को जुटा रही है. साथ ही आरोपितों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है.
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति सामने आयेगी. मामले में पीड़िता की पहचान और उससे जुड़ी निजी जानकारी को गोपनीय रखा गया है.
इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात
