सीवान में नकली नोट बनाने वाले रैकेट का भंडाफोड़, महिला समेत दो गिरफ्तार; 5.45 लाख के जाली नोट बरामद

सीवान जिले में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में नकली नोट, छापने की मशीन और सामग्री बरामद की है.

Siwan News: सीवान जिले में नकली नोट तैयार करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने एक महिला विमला देवी व उसके भाई मन्नु दुबे को गिरफ्तार किया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है. छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली नोट, नोट तैयार करने में प्रयुक्त सामग्री तथा नोट छापने वाली एक मशीन बरामद की गई है. पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने प्रेसवार्ता कर इस सफलता की विस्तृत जानकारी दी.

विशेष टीम ने की छापेमारी

सीवान के एसपी को शनिवार को सूचना मिली थी कि मैरवा थाना क्षेत्र के पंडितपुरा गांव में एक घर में जाली भारतीय मुद्रा छापने का अवैध कारोबार चल रहा है. सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 गौरी कुमारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित छापेमारी कर घर से 500, 200 और 100 रुपये के कुल 5 लाख 45 हजार रुपये के जाली भारतीय नोट बरामद किए.

साधारण पेपर पर छपाई

सीवान पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरोह जाली नोट छापने के लिए सामान्य ए-4 साइज के सफेद कागज और रंगीन प्रिंटर का इस्तेमाल करता था. नोटों की छपाई के बाद उन्हें काटकर असली नोट जैसा आकार दिया जाता था. इसके अलावा 88 हजार रुपये नकद और प्रिंटर मशीन भी जब्त की गई है. बरामद नोटों की जांच विधि विज्ञान टीम और लीड बैंक प्रबंधक से कराने पर इनके जाली होने की पुष्टि हुई.

छोटे बाजारों में खपत

सीवान के इस गिरोह द्वारा छापे गए जाली नोटों को बड़े शहरों के बजाय गांवों के छोटे बाजारों, किराना दुकानों और सब्जी मंडियों पर चलाया जाता था. वहां कम खरीदारी कर असली रुपये वापस लेकर जाली नोट आसानी से खपा दिए जाते थे. गिरफ्तार महिला पहले भी जाली नोट के एक मामले में जेल जा चुकी है. उसका पति राज कुमार दुबे 2022 में मुफस्सिल थाना और भाई मन्नु दुबे 2018 में सारण के रसूलपुर थाना से जेल जा चुका है.

एजेंसियों ने की पूछताछ

सीवान के मैरवा पुलिस द्वारा पकड़े गए इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना से आई विशेष जांच टीम और जिला पुलिस की खुफिया इकाइयों ने मैरवा थाना पहुंचकर गिरफ्तार महिला विमला देवी से घंटों पूछताछ की है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि महिला ने पूछताछ में कई चौंकाने वाले नाम और गिरोहों के बारे में जानकारी दी है. पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के प्रयास में छापेमारी कर रही है.

Also Read: सीवान में नकली नोट बनाने वाले गिरोह पर पुलिस की कार्रवाई, महिला समेत दो गिरफ्तार, मशीन बरामद


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish giri

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >