सीवान से विवेक सिंह की रिपोर्ट
Siwan DM Strict Order: अगर आप किसी सरकारी नौकरी में हैं और आपसे भी सरकारी कॉल मिस हो जाता है तो यह खबर आपके लिए बेहद जरुरी है. सीवान डीएम ने सख्त आदेश देते हुए अधिकारियों को चेतावनी दी है. दरअसल, सीवान में प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने सख्त निर्देश जारी किए हैं. डीएम ने सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों को सरकारी नंबरों से आने वाले फोन कॉल को प्राथमिकता के आधार पर रिसीव करने का आदेश दिया है. साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी है कि कॉल रिसीव नहीं करने या कॉल बैक नहीं करने की स्थिति में संबंधित अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
डीएम ने क्यों जारी किया सख्त आदेश?
सीवान के जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा कि कई बार विधि-व्यवस्था, आपात स्थिति और अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक मामलों की सूचना देने के लिए जिला गोपनीय शाखा एवं जिला नियंत्रण कक्ष से अधिकारियों को फोन किया जाता है. इसके बावजूद कुछ अधिकारी समय पर फोन रिसीव नहीं करते और बाद में कॉल बैक भी नहीं करते हैं.
फोन नहीं उठाने से प्रशासनिक व्यवस्था पर क्या असर पड़ता है?
डीएम के अनुसार ऐसी स्थिति में महत्वपूर्ण सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान नहीं हो पाता है. इससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित होते हैं और कई बार विधि-व्यवस्था संबंधी चुनौतियां भी उत्पन्न हो सकती हैं. यही कारण है कि इस विषय को गंभीरता से लिया गया है.ॉ
यह भी पढ़े: सीवान में भीषण गर्मी के कारण 20 जून तक आठवीं तक की सभी कक्षाएं बंद, डीएम का आदेश जारी
अधिकारियों को क्या-क्या निर्देश दिए गए हैं?
जारी आदेश में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जिला गोपनीय शाखा अथवा जिला नियंत्रण कक्ष से कॉल आने पर उसे तुरंत रिसीव करें. किसी भी सरकारी सूचना को प्राथमिकता के आधार पर लेने की बात कही गई है.
अगर कॉल रिसीव नहीं हो पाए तो क्या करना होगा?
डीएम ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी अपरिहार्य कारण से अधिकारी फोन रिसीव नहीं कर पाते हैं तो उन्हें तत्काल कॉल बैक कर संबंधित सूचना प्राप्त करनी होगी. इसके बाद आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित करनी होगी.
लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी?
आदेश में कहा गया है कि भविष्य में यदि किसी अधिकारी द्वारा फोन नहीं उठाने, कॉल बैक नहीं करने या मनगढ़ंत बहाना बनाने की पुनरावृत्ति की जाती है तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. साथ ही इसकी सूचना संबंधित विभाग को भी भेजी जाएगी.
डीएम ने क्या कहा?
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए सूचना का त्वरित आदान-प्रदान बेहद जरूरी है. किसी भी स्तर पर लापरवाही प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावित कर सकती है, इसलिए सभी अधिकारियों को आदेश का गंभीरता से पालन करना होगा.
अब आगे क्या होगा?
डीएम के निर्देश के बाद जिला प्रशासन अधिकारियों की कार्यशैली पर नजर रख सकता है. भविष्य में सरकारी कॉल के प्रति लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है.
Also Read: सीवान में लंबे समय से फरार ‘बुलेट यादव’ ने कोर्ट में किया सरेंडर, इन मामलों में है आरोपी
