सीवान में 15 अगस्त तक सभी छात्रों की अपार आईडी बनाने का निर्देश, डीईओ ने दिए सख्त आदेश

सीवान के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) ने सत्र 2026-27 में नामांकित छात्र-छात्राओं की अपार (APAAR) आईडी बनाने का काम 15 अगस्त तक शत-प्रतिशत पूरा करने का सख्त निर्देश दिया है. जो विद्यालय लक्ष्य से पीछे हैं, वहां विशेष शिविर लगाए जाएंगे और लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी.

सीवान: जिले के सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में सत्र 2026-27 के नामांकित छात्र-छात्राओं की अपार (APAAR) आईडी बनाने का कार्य 15 अगस्त तक शत-प्रतिशत पूरा कराने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) राघवेंद्र प्रताप सिंह ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीईओ) को सख्त निर्देश जारी किए हैं.

डीईओ ने कहा है कि जिन विद्यालयों में अब तक लक्ष्य पूरा नहीं हुआ है, वहां प्रखंड एवं कंप्लेक्स संसाधन केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित कर अभियान चलाया जाए, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार हो सके.

जिले की प्रगति पर जताई नाराजगी

जारी निर्देश में डीईओ ने कहा कि इस कार्य को लेकर पहले भी कई बार निर्देश दिए जा चुके हैं और नियमित समीक्षा भी की जा रही है. इसके बावजूद कई विद्यालय अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं, जिससे जिले की प्रगति संतोषजनक नहीं है. उन्होंने इसे विभागीय निर्देशों की अनदेखी और कार्य के प्रति उदासीनता माना है.

लक्ष्य से पीछे विद्यालयों के लिए बनेगा रोस्टर

डीईओ ने सभी बीईओ को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने प्रखंड के लक्ष्य से पीछे चल रहे विद्यालयों का रोस्टर तैयार करें. इसके आधार पर विशेष शिविर आयोजित कर संबंधित प्रधानाध्यापक अथवा प्रभारी प्रधानाध्यापक की अनिवार्य उपस्थिति में अपार आईडी निर्माण का कार्य पूरा कराया जाए.

तकनीकी समस्या पर कंप्यूटर शिक्षकों का मिलेगा सहयोग

निर्देश में कहा गया है कि यदि अपार आईडी बनाने के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है तो कंप्लेक्स संसाधन केंद्र के कंप्यूटर शिक्षकों का सहयोग लिया जाए, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए.

रोज होगी मॉनिटरिंग, लापरवाही पर कार्रवाई तय

डीईओ ने सभी बीईओ को प्रतिदिन कार्य की मॉनिटरिंग और अनुश्रवण करने का निर्देश दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 अगस्त तक सभी विद्यालयों में अपार आईडी निर्माण का कार्य हर हाल में पूरा होना चाहिए.

यदि किसी विद्यालय के प्रधानाध्यापक या शिक्षक की लापरवाही सामने आती है तो उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला कार्यालय को प्रतिवेदन भेजा जाएगा. वहीं, निर्धारित समय तक लक्ष्य पूरा नहीं होने पर संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए उनके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें:  बिहार में इस उद्योग के लिए सरकार देगी 70 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी, एक क्लिक में होगा आवेदन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >