Siwan Ambulance Mafia Controversy : (अमर नाथ शर्मा) सीवान सदर अस्पताल में शनिवार की रात निजी एंबुलेंस चालकों की मनमानी का एक और मामला सामने आया. सड़क दुर्घटना में घायल दो युवकों को प्राथमिक उपचार शुरू होने से पहले ही निजी एंबुलेंस चालक अपने वाहन में बैठाकर निजी अस्पताल ले जाने लगे. परिजनों के विरोध और हंगामे के बाद चालक मरीजों को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए. घटना ने अस्पताल परिसर में सक्रिय एंबुलेंस माफिया और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Siwan News : सड़क हादसे में घायल हुए थे दो युवक
जानकारी के अनुसार गोपालगंज जिले के माझागढ़ थाना क्षेत्र के कोईनी सहलादपुर निवासी संजय शाह और नीरज साह बाइक से दरौली में एक तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सरसर गांव के समीप उनकी बाइक की टक्कर एक चारपहिया वाहन से हो गई. हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
अस्पताल पहुंचते ही सक्रिय हुए निजी एंबुलेंस चालक
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टर द्वारा जांच और उपचार शुरू होने से पहले ही निजी एंबुलेंस चालक सक्रिय हो गए और बिना रेफरल के दोनों मरीजों को अपने वाहन में बैठाकर निजी अस्पताल ले जाने लगे.
परिजनों के विरोध पर मचा हंगामा
जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने विरोध जताते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया. विवाद बढ़ता देख निजी एंबुलेंस चालक दोनों घायलों को अस्पताल में छोड़कर मौके से भाग निकले.
डॉक्टर ने भी माना, इलाज से पहले ले जा रहे थे मरीज
ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. मुकेश कुमार रंजन ने बताया कि दोनों घायलों की प्राथमिक चिकित्सा, बैंडेज और टांका तक नहीं लगाया गया था. इसी बीच निजी एंबुलेंस चालक उन्हें अपने वाहन में ले जाने लगे थे. हंगामे के बाद मरीजों को वापस आपातकालीन कक्ष में लाया गया.
गंभीर हालत में पीएमसीएच रेफर
बाद में चिकित्सकों ने दोनों घायलों का उपचार किया. गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया.
एंबुलेंस माफिया पर फिर उठे सवाल
घटना के बाद लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर सदर अस्पताल परिसर में निजी एंबुलेंस चालकों की इतनी पकड़ कैसे है कि वे डॉक्टर की अनुमति और रेफरल के बिना मरीजों को ले जाने का प्रयास करते हैं. अस्पताल परिसर में लंबे समय से सक्रिय कथित एंबुलेंस माफिया पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है.
