सीवान के 44 शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थी सहयोग शिविर, 30 दिनों में होगा समस्याओं का समाधान

जिले के 44 शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों में विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग शिविर लगाए गए. 'सबका सम्मान, जीवन आसान' के तहत आयोजित इस शिविर में अधिकारियों ने सीधे संवाद कर सुझाव लिए. विद्यार्थी सहयोग पोर्टल और टोल-फ्री नंबर 1100 के माध्यम से भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं.

Student Support Camp: विद्यार्थियों की शैक्षणिक, छात्रावास एवं अन्य समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार को जिले के 44 विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं छात्रावासों में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ निश्चय के तहत आयोजित शिविर में जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों की जानकारी ली.

डीइओ राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्राप्त समस्याओं के नियमानुसार एवं त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश पूर्व में दिये गये हैं. शिविर के दौरान विद्यार्थियों को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की जानकारी भी दी गयी. बताया गया कि विद्यार्थी अपनी समस्या अथवा सुझाव sahyog.bihar.gov.in पर कभी भी ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं. पोर्टल पर दर्ज परिवादों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गयी है. परिवाद दर्ज होने की तिथि से 30 दिनों के अंदर उसके निष्पादन का प्रावधान है. साथ ही आवेदक को इसकी लिखित सूचना भी दी जायेगी.

जिले के 44 संस्थानों में आयोजित हुआ शिविर

डीपीओ माध्यमिक कुमार अभिजित ने बताया कि जिले के 44 शिक्षक संस्थानों सहित अन्य स्थानों पर शिविर का आयोजन किया गया. इनमें 25 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक कॉलेज, आइटीआई, डीएवी पीजी कॉलेज, राजा सिंह कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, विद्या भवन महिला कॉलेज एवं छात्रावास सहित अन्य संस्थान शामिल रहे.

अधिकारियों ने लिया शिविर का जायजा

जिला पदाधिकारी विजय प्रकाश मीणा एवं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने संयुक्त रूप से राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय सीवान में आयोजित शिविर में भाग लिया. वहीं उप विकास आयुक्त अमिताभ सिंह एवं अपर समाहर्ता प्रमोद कुमार ने डीएवी पीजी कॉलेज, राजा सिंह महाविद्यालय सहित अन्य संस्थानों में आयोजित शिविर का जायजा लिया. जिला पदाधिकारी द्वारा नामित पदाधिकारियों ने भी विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं छात्रावासों में विद्यार्थियों से संवाद किया.

हेल्पलाइन नंबर 1100 पर कर सकते हैं संपर्क

विद्यार्थियों को बताया गया कि विद्यार्थी सहयोग शिविर से संबंधित जानकारी या सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1100 पर संपर्क किया जा सकता है. जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपनी वास्तविक समस्याओं एवं रचनात्मक सुझावों को निःसंकोच संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने की अपील की.

योजनाओं की भी दी गयी जानकारी

शिविर में विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं योजनागत आवश्यकताओं की जानकारी भी ली गयी. पात्र विद्यार्थियों को संबंधित योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में मार्गदर्शन दिया गया. जिला प्रशासन के अनुसार इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं का संवेदनशील, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है. इससे शिक्षा व्यवस्था को अधिक विद्यार्थी-केंद्रित, जवाबदेह एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने में मदद मिलेगी.

इसे भी पढ़ें: चिराग पासवान ने छात्रों से की मुलाकात, CM सम्राट चौधरी के सामने BPSC, बेल्ट्रॉन और TRE-4 की मांगें रखीं


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >