सीवान: सिसवन के किशुनबारी में महिला पर और मोरवन में पुरुष पर गिरा ठनका, दोनों की मौत

सिसवन में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है, प्रशासन से मुआवजे की मांग की गई है।

Siwan News : सिसवन प्रखंड क्षेत्र में रविवार को हुई बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई. दोनों घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

धान की रोपनी के दौरान महिला पर गिरी बिजली

पहली घटना सिसवन थाना क्षेत्र के किशुनबारी गांव की है. यहां स्व. श्रीनिवास महतो की 53 वर्षीय पत्नी लखपतिया देवी गांव के एक खेत में धान की रोपनी कर रही थीं. इसी दौरान तेज बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं. आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.

भैंस चराने गए व्यक्ति की भी गई जान

दूसरी घटना मोरवन गांव की है. गांव निवासी 42 वर्षीय लाल बहादुर यादव चवर स्थित खेत में भैंस चरा रहे थे. बारिश के दौरान वे भी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए. स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों गांवों में मातम का माहौल है.

मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग

घटना पर जिला परिषद सदस्य ब्रजेश सिंह ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के आश्रितों को शीघ्र सरकारी अनुग्रह सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मिलने वाली सहायता राशि का भुगतान बिना किसी देरी के किया जाना चाहिए, ताकि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को आर्थिक संबल मिल सके. साथ ही प्रशासन से आवश्यक कागजी प्रक्रिया जल्द पूरी कर सहायता राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Abhay Kumar

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >