प्रतिनिधि, सीवान. जिले के सभी 41 जिला परिषद क्षेत्र में एक-एक मॉडल गांव बनाया जायेगा. इसको लेकर सभी जिला परिषद सदस्यों से एक-एक गांव का नाम की सूची मांगी गयी है. इस गांव में बिजली, सड़क,पानी, शौचालय,ग्रामीण बाजार, खेल मैदान आदि का विकास कराया जायेगा. यह निर्णय जिला परिषद की सामान्य विशेष बैठक में लिया गया. बैठक के दौरान सभी पार्षदों ने क्षेत्र के विकास का मुद्दा उठाया. अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष संगीता देवी ने की. बैठक में इ ग्राम स्वराज पोर्टल पर योजना चढ़ाने को लेकर सभी को निर्देंश दिया गया ताकि क्षेत्र में विकास कार्य कराया जा सकें. इसके तहत सड़क,नाला निर्माण, विद्यालय मरम्मति, सामुदायिक भवन जीर्णोदार, स्वास्थ्य केंद्र की मरम्मति सहित अन्य कार्य कराया जायेगा. बैठक में जिप अध्यक्ष ने कहा कि हमारी प्राथमिकता जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत तक विकास की रोशनी पहुंचाना है. कहा कि जनता की सहभागिता के बिना विकास अधूरा है.इसलिये हम सबको मिलकर काम करना होगा ताकि हमारा जिला आत्मनिर्भर और समृद्ध बन सकें. बैठक में जिला परिषद सदस्य सुशील कुमार डब्ल्यू ने मॉडल गांव बनाने का मुद्दा उठाया था. इसके बाद डीडीसी मुकेश कुमार ने सभी को सूची उपलब्ध कराने को कहा. कहा कि एक गांव में क्या-क्या जरूरत है. सबकुछ पूरा कराया जायेगा. सिसवन प्रखंड के चैनपुर में स्थित जिला परिषद के जमीन पर भवन बनाने की मांग बैठक में जिला परिषद सदस्य ब्रजेश कुमार सिंह ने की. उन्होंने कहा कि उक्त जमीन पर विवाह भवन बनने से जिला परिषद के आय में वृद्धि होगी. जिप सदस्य फजले अली ने अपने क्षेत्र की विकास का मुद्दा रखा. जिला परिषद सदस्य रजनीश गोड़ व धमेद्र कुमार यादव ने यूपी-बिहार सीमा और सारण सीमा पर गेट बनाने की मांग बैठक में रखी. डीडीसी ने आश्वासन दिया है कि बहुत जल्द यह कार्य कराया जायेगा. जिला परिषद सदस्य रामदुलार वर्मा ने गोरेयाकोठी प्रखंड के सतवार पंचायत में डॉ राजेंद्र प्रसाद पुस्तकालय का नया भवन बनाने की मांग रखी. साथ ही गोरेयाकोठी प्रखंड के ही सैदपुरा के आयुर्वेंदिक औषधालय का भवन जीर्णोंद्धार कराने के साथ ही वैद्य की व्यवस्था कराने की मांग की. उन्होंने जिला परिषद का षष्ठम व पंचम वित आयोग का फंड की राशि का लेखा जोखा सभी पार्षदों को उपलब्ध कराने की मांग की. मौके पर उपाध्यक्ष चांदतारा खातून,सुशील कुमार, रेणू यादव, उषा बैठा, अनिता कुशवाहा, धुरेंद्र प्रसाद, बबिता देवी, वंदना कुशवाहा, अरविंद यादव, धर्मेंद्र यादव मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
