सीवान: बड़हरिया में हर्षोल्लास के साथ मना रक्षाबंधन का महापर्व, बहनों ने बांधी राखी; बाजारों में उमड़ी भारी भीड़

रक्षाबंधन का पावन त्योहार पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की.

Siwan News: भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह, श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन का पावन पर्व शुक्रवार को बड़हरिया प्रखंड क्षेत्र में पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. सुबह से ही घर-आंगन से लेकर बाजार और सड़कों तक रक्षाबंधन की अनुपम छटा देखने को मिली. कहीं बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधती दिखीं, तो कहीं भाई अपनी बहनों के घर पहुंचकर त्योहार की खुशियां बांटते नजर आए. इस दौरान पारंपरिक रक्षाबंधन के मधुर गीतों से पूरा इलाका भक्तिमय और उत्सव के रंग में सराबोर रहा.

विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद बांधा रक्षासूत्र

श्रावण पूर्णिमा के पावन अवसर पर बहनों ने सुबह स्नान-ध्यान के बाद विधि-विधान से पूजा की थाली सजाई. भाइयों के माथे पर रोली, चंदन और अक्षत का तिलक लगाकर आरती उतारी और कलाई पर रंग-बिरंगा रक्षासूत्र बांधकर मिठाई खिलाई. बहनों ने ईश्वर से भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की. वहीं भाइयों ने अपनी बहनों को मनपसंद उपहार भेंट करते हुए जीवनभर उनके मान-सम्मान व सुरक्षा का संकल्प दोहराया. नवविवाहित महिलाओं और छोटे बच्चों में इस पर्व को लेकर गजब का उत्साह देखा गया.

बाजारों में उमड़ी भारी भीड़, थाना और जामो चौक पर लगा जाम

रक्षाबंधन को लेकर गुरुवार शाम से ही सड़कों पर वाहनों की आवाजाही काफी तेज हो गई थी, जो शुक्रवार देर शाम तक जारी रही. भारी चहल-पहल के कारण बड़हरिया के प्रमुख थाना चौक और जामो चौक पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही. स्थानीय प्रशासन और पुलिस को यातायात सुचारू कराने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. वहीं बड़हरिया मुख्य बाजार सहित ग्रामीण इलाकों के चौक-चौराहों पर स्थित राखी और मिठाई की दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों का तांता लगा रहा.

Also Read: सीवान: 10 प्रखंडों के 190 बाढ़ संभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, पंचायत स्तर पर तैनात होंगी मेडिकल टीमें; CS ने जारी किए निर्देश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद मिश्र

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >