सीवान DM का निर्देश, उद्योग योजनाओं के स्वीकृत आवेदनों का जल्द करें निष्पादन

सीवान DM ने उद्योग, छात्र क्रेडिट कार्ड, बाल श्रमिक योजनाओं की समीक्षा की. स्वीकृत आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई और योजनाओं के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए.

Siwan News : समाहरणालय के संवाद कक्ष में मंगलवार को जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा की अध्यक्षता में जिला उद्योग केंद्र, जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, श्रम संसाधन विभाग एवं निबंधन विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक हुई. बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.

स्वीकृत आवेदनों का जल्द करें निष्पादन

जिला उद्योग केंद्र की योजनाओं की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के स्वीकृत आवेदनों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया गया. डीएम ने कहा कि पात्र लाभुकों को योजना का लाभ उपलब्ध कराने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए. संबंधित अधिकारियों को स्वीकृत आवेदनों की प्रक्रिया पूरी कर जल्द राशि उपलब्ध कराने को कहा गया.

उद्यमी योजना में किस्तवार अंतर पर जतायी नाराजगी

मुख्यमंत्री उद्यमी योजना की समीक्षा के दौरान प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किस्त के लाभुकों की संख्या में अंतर पर डीएम ने नाराजगी जतायी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किस्तवार लाभुकों की संख्या में अंतर कम करने के लिए तेजी से कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

निवेश प्रोत्साहन पैकेज का करें व्यापक प्रचार

डीएम ने महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र को बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज 2025 का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इस पहल से जिले में बड़े उद्योगों को आकर्षित करने और रोजगार के नये अवसर सृजित करने में मदद मिलेगी.

बाल श्रमिकों की पहचान के लिए नियमित छापेमारी

श्रम संसाधन विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने श्रम अधीक्षक को धावा दल गठित कर शहर के होटल, रेस्टोरेंट, बस स्टैंड एवं अन्य स्थानों पर नियमित छापेमारी कराने का निर्देश दिया. अभियान का उद्देश्य बाल श्रमिकों की पहचान कर उन्हें मुक्त कराना है.

स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड समेत योजनाओं का तेजी से करें निष्पादन

जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र की योजनाओं की समीक्षा के दौरान बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता एवं कुशल युवा कार्यक्रम के तहत प्राप्त आवेदनों और उनके निष्पादन की जानकारी ली गयी.

डीएम ने अधिकारियों को पात्र लाभुकों को बिना अनावश्यक विलंब के योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

बैठक में जिला योजना पदाधिकारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, श्रम अधीक्षक, जिला अवर निबंधक सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >