सीवान: महाराजगंज में सहयोग शिविर का आयोजन, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान और योजनाओं का मिला लाभ

सीवान के महाराजगंज प्रखंड में आयोजित सहयोग शिविर ने ग्रामीणों की समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान सुनिश्चित किया। इस शिविर में 32 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई का तत्काल निस्तारण किया गया और लाभार्थियों को विभिन्न प्रमाण पत्र व योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

सीवान: सबका सम्मान-जीवन आसान निश्चय के तहत जन समस्याओं के समाधान के लिए महाराजगंज प्रखंड की बलिया पंचायत और जिगरवा पंचायत भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. एसडीओ अनीता सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को एक ही स्थान पर प्राप्त कर उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करना था.

शिविर में 32 आवेदन हुए प्राप्त, कई मामलों का तत्काल समाधान

बीडीओ बिंदु कुमार ने बताया कि सहयोग शिविर में कुल 32 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से आधा दर्जन आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया. वहीं अन्य आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर जल्द समाधान करने का निर्देश दिया गया.

शिविर के दौरान लाभार्थियों को जॉब कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र तथा कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत निर्धारित राशि का चेक भी उपलब्ध कराया गया.

सरकार की योजनाओं का लाभ लेने की अपील

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओ अनीता सिन्हा ने सहयोग शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला. उन्होंने आम लोगों से सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ लेने की अपील की.

उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से कहा कि सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए कई योजनाएं चला रही है. इसकी जानकारी सभी महिलाओं तक पहुंचनी चाहिए, ताकि वे योजनाओं का लाभ उठा सकें.

अधिकारियों ने लाभार्थियों को बांटे प्रमाण पत्र और चेक

सहयोग शिविर में एसडीओ अनीता सिन्हा, प्रखंड प्रमुख बची देवी, बलिया पंचायत की मुखिया आरती कुमारी, बीडीओ बिंदु कुमार, सीओ जितेंद्र कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी नीरज कुमार, मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना कुमार और बीपीआरओ आकाश कुमार मिंज ने लाभार्थियों के बीच विभिन्न प्रमाण पत्र और चेक का वितरण किया.

इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि सहयोग शिविर के माध्यम से उन्हें जॉब कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और कबीर अंत्येष्टि योजना का चेक सहित कई सुविधाएं गांव में ही मिल रही हैं. इससे उन्हें अनुमंडल और प्रखंड कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत मिली है.

विभिन्न विभागों के लगाए गए स्टॉल

बीडीओ बिंदु कुमार ने बताया कि बलिया और जिगरवा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में कई विभागों के स्टॉल लगाए गए थे.

इनमें कृषि विभाग, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, खाद्य एवं उपभोक्ता विभाग, डेयरी एवं मत्स्य विभाग, बिजली कंपनी, सहकारिता विभाग और प्रखंड कार्यालय शामिल थे.

विभागीय पदाधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों से आवेदन लिए गए और कई समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया. वहीं शेष मामलों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई.

शिविर में कई अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना कुमार, बीएओ कुंदन कुमार, पुलिस पदाधिकारी इंद्रेश कुमार, बीईओ राज किशोर उपाध्याय, एलईओ समर शकील, बीसीओ मनोज कुमार, पंचायत सचिव, कार्यपालक सहायक सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.

Also Read: बिहार विधानसभा में एक साथ 7 विधेयक पेश, TRE-4 भर्ती और पंचायतों में टैक्स वसूली पर सरकार ने क्या कहा?


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Afjal anwar

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >