Siwan News: जिले में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को जमीनी स्तर पर अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए ‘पुलिस दीदी’ यानी अभया ब्रिगेड की विधिवत तैनाती की गई है. इस विशेष दस्ते के लिए सीवान पुलिस को 20 स्कूटी और 10 मोटरसाइकिल उपलब्ध कराई गई हैं. रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को जिला पदाधिकारी (DM) विजय प्रकाश मीणा एवं पुलिस अधीक्षक (SP) भारत सोनी ने संयुक्त रूप से पुलिस केंद्र, सीवान से इन सभी 30 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर गश्त के लिए रवाना किया.
राज्यस्तरीय योजना के तहत सीवान को मिले 30 गश्ती वाहन
उल्लेखनीय है कि 26 अगस्त को राज्य सरकार द्वारा महिला सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बिहारभर में ‘पुलिस दीदी’ (अभया ब्रिगेड) के लिए 4,700 स्कूटी और मोटरसाइकिलों का वितरण किया गया था. इसी महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत सीवान जिले को 30 विशेष पेट्रोलिंग वाहन आवंटित किए गए हैं, जो अब पूरी तरह सक्रिय हो चुके हैं.
स्कूल-कॉलेजों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर रहेगी विशेष निगरानी
अभया ब्रिगेड के तहत तैनात महिला व पुरुष पुलिसकर्मी इन दोपहिया वाहनों के जरिए जिले के प्रमुख स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और संवेदनशील सार्वजनिक स्थलों पर लगातार पेट्रोलिंग करेंगे. गश्ती दल महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ-साथ जागरूकता फैलाने और जरूरत पड़ने पर उन्हें मौके पर ही त्वरित आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने का कार्य करेगा. डीएम और एसपी ने कहा कि ‘पुलिस दीदी’ की सक्रियता से सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों पर नकेल कसेगी और महिलाओं में सुरक्षा का माहौल सुदृढ़ होगा.
Also Read: सीवान: आसांव पुलिस ने ढोल-नगाड़े के साथ शराब और आर्म्स एक्ट के फरार आरोपित के घर चिपकाया इश्तेहार
