सीवान में पीएम सूर्य घर योजना को लेकर बिजली विभाग ने तेज किया अभियान, एसडीओ ने अधिक से अधिक आवेदन की अपील की

सीवान के मैरवा क्षेत्र में बिजली विभाग 'प्रधानमंत्री सूर्य घर बिजली योजना' के तहत लोगों को जागरूक कर रहा है. इस योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगाने पर भारी सब्सिडी मिल रही है, जिससे बिजली बिल में बड़ी बचत हो सकती है.

Siwan News: प्रधानमंत्री सूर्य घर बिजली योजना का लाभ अब मैरवा क्षेत्र के उपभोक्ताओं को मिलने लगा है. योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए बिजली विभाग ने अभियान तेज कर दिया है.

गांव-गांव पहुंचकर लोगों को दी जा रही योजना की जानकारी

एसडीओ नेहाल श्रीवास्तव के नेतृत्व में बिजली विभाग की टीम गांवों और नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर लोगों को योजना की जानकारी दे रही है. साथ ही आवेदन प्रक्रिया और योजना से मिलने वाले लाभ के बारे में भी उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा रहा है.

192 उपभोक्ताओं ने किया ऑनलाइन आवेदन

एसडीओ ने बताया कि मैरवा सबडिवीजन क्षेत्र में अब तक 192 उपभोक्ताओं ने पीएम सूर्य घर योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन किया है. इनमें से 25 उपभोक्ताओं की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनके बैंक खाते में निर्धारित सब्सिडी की राशि भेज दी गई है. वहीं, शेष आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया तेजी से चल रही है.

सोलर प्लांट से कम होगा बिजली बिल

एसडीओ ने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना का उद्देश्य केवल बिजली बिल में कमी लाना नहीं है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना भी है.

उन्होंने कहा कि घरों की छत पर सोलर रूफटॉप प्लांट लगाने से उपभोक्ताओं का मासिक बिजली बिल काफी कम हो जाता है और कई मामलों में यह शून्य तक पहुंच सकता है.

3 किलोवाट तक के प्लांट पर मिलेगी 78 हजार रुपये तक सब्सिडी

एसडीओ ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने बताया कि 2 किलोवाट क्षमता तक के सोलर प्लांट पर 60 हजार रुपये और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के प्लांट पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है.

आवेदन स्वीकृत होने और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है.

बिजली कार्यालय और शिविरों में भी कर सकते हैं आवेदन

उन्होंने बताया कि इच्छुक उपभोक्ता पीएम सूर्य घर योजना के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा नजदीकी बिजली कार्यालय या विभाग की ओर से आयोजित सहयोग शिविरों में भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है.

विभाग द्वारा लगाए गए शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन अंतिम चरण में है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजन कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >