Crocodile in Jharahi River: नौतन थाना क्षेत्र में बिहार-उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित झरही नदी में मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना के बाद आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है. नदी में मगरमच्छ देखे जाने की खबर से स्थानीय लोगों में भय और चिंता बढ़ गयी है. नदी के आसपास रहने वाले ग्रामीण अपने बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहे हैं.
मामले की सूचना मिलने के बाद नौतन थाना प्रभारी जित मोहन कुमार ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने लोगों से नदी के आसपास जाने से बचने और किसी भी परिस्थिति में पानी में नहीं उतरने की सलाह दी है. पुलिस ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को नदी या उसके आसपास मगरमच्छ दिखाई देता है, तो उसके करीब जाने या उसे पकड़ने का प्रयास नहीं करें. इसकी सूचना तत्काल पुलिस या संबंधित अधिकारियों को दें.
बिहार-यूपी सीमा पर स्थित है झरही नदी
झरही नदी बिहार और उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित है. नदी के आसपास बिहार के दर्जनभर से अधिक गांव बसे हुए हैं. इन गांवों के लोगों का रोजमर्रा के विभिन्न कार्यों के लिए नदी के आसपास आना-जाना होता है. ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी की सूचना से ग्रामीणों में किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है.
नदी के आसपास रहने वाले ग्रामीण विशेष रूप से बच्चों और मवेशियों को लेकर चिंतित हैं. ग्रामीणों का कहना है कि मगरमच्छ देखे जाने की सूचना के बाद लोग नदी के किनारे जाने से परहेज कर रहे हैं.
प्रशासन से जांच और सुरक्षा व्यवस्था की मांग
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से झरही नदी में मगरमच्छ की मौजूदगी की जांच कराने की मांग की है. साथ ही नदी के आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी मांग की गयी है.
ग्रामीणों का कहना है कि यदि नदी में वास्तव में मगरमच्छ मौजूद है, तो प्रशासन की ओर से नदी के किनारे रहने वाले लोगों को जागरूक करने के साथ आवश्यक सुरक्षा उपाय किये जाने चाहिए.
नदी किनारे नहीं जाने की अपील
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सावधानी बरतने की अपील की है. लोगों को नदी किनारे भीड़ नहीं लगाने तथा मगरमच्छ दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गयी है.
थाना प्रभारी जित मोहन कुमार ने बताया कि मगरमच्छ देखे जाने की सूचना मिलने के बाद लोगों को सतर्क किया जा रहा है. नदी के आसपास सावधानी बरतने और किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेने की अपील की गयी है. उन्होंने कहा कि मगरमच्छ दिखने पर लोग खुद उसे पकड़ने या भगाने का प्रयास नहीं करें और तत्काल पुलिस या संबंधित विभाग को सूचना दें.
इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात
