सीवान: सावन की पहली शुक्रवारी पर बाबा महेंद्रनाथ के दरबार में उमड़ी आस्था, पहली सोमवारी पर बढ़ेगी भीड़

सिसवन के बाबा महेंद्रनाथ मंदिर में सावन की पहली शुक्रवारी पर सुबह चार बजे से श्रद्धालुओं की कतार लगी. पहली सोमवारी पर सीवान, छपरा, गोपालगंज, यूपी और नेपाल से बड़ी संख्या में भक्त पहुंचने की उम्मीद है.

Siwan News: सिसवन प्रखंड के प्रसिद्ध बाबा महेंद्रनाथ मंदिर में सावन माह की पहली शुक्रवारी पर शुक्रवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी. अहले सुबह चार बजे से ही बाबा के दरबार में शिवभक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की. जलाभिषेक का सिलसिला दोपहर बाद तक जारी रहा.

हालांकि सामान्य दिनों की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि देखने को मिली, लेकिन पिछले वर्षों की अपेक्षा शुक्रवार को अपेक्षित भीड़ कम रही. इसके बावजूद मंदिर परिसर और कमलदाह सरोवर क्षेत्र में पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही.

कमलदाह सरोवर में स्नान कर किया जलाभिषेक

कई शिवभक्त अपने घर से स्नान कर मंदिर पहुंचे, जबकि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर स्थित कमलदाह सरोवर में स्नान किया. इसके बाद सरोवर के जल से बाबा महेंद्रनाथ का जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की.

दोपहर बाद जब श्रद्धालुओं की संख्या कम हुई, तब मंदिर के गर्भगृह में रुद्राभिषेक कराया गया. पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों के कारण मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा.

शांतिपूर्ण रहा जलाभिषेक, पुलिस रही मुस्तैद

सावन को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. चैनपुर थानाध्यक्ष विजय रंजन ने बताया कि मंदिर में जलाभिषेक सहित सभी धार्मिक गतिविधियां शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं. पुलिस टीम पूरे समय मुस्तैदी से तैनात रही.

इधर, ग्रामीण क्षेत्रों के अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की.

पहली सोमवारी पर बढ़ेगी भीड़, प्रशासन ने की तैयारी

श्रद्धालुओं का मानना है कि सावन की असली रौनक पहली सोमवारी से शुरू होती है. ऐसे में इस वर्ष भी पहली सोमवारी पर बाबा महेंद्रनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में शिवभक्तों के पहुंचने की संभावना जतायी जा रही है.

स्थानीय लोगों के अनुसार सीवान, छपरा और गोपालगंज के अलावा उत्तर प्रदेश के देवरिया, बलिया और गोरखपुर सहित नेपाल से भी श्रद्धालु बाबा महेंद्रनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंच सकते हैं.

संभावित भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने भी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का दावा किया है. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक स्तर पर विभिन्न इंतजाम किए गए हैं.

स्थानीय कारोबारियों को पहली सोमवारी का इंतजार

सावन की पहली शुक्रवारी पर अपेक्षा से कम भीड़ रहने के कारण स्थानीय दुकानदारों का कारोबार भी सामान्य रहा. दुकानदारों को अब पहली सोमवारी का इंतजार है.

स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि पहली सोमवारी से मंदिर परिसर में शिवभक्तों की संख्या काफी बढ़ने की उम्मीद है. इससे पूजा सामग्री, फूल-माला, प्रसाद और अन्य दुकानों के कारोबार को भी गति मिलने की संभावना है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाबा महेंद्रनाथ धाम की धार्मिक महत्ता के कारण सावन के प्रत्येक सोमवार को यहां आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलता है. अब सभी की निगाहें सावन की पहली सोमवारी पर टिकी हैं, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.

Also Read: पीके के सामने थाने में क्यों भिड़ गए जन सुराज के दो सीनियर नेता? पूर्व डीजी आरके मिश्रा ने किशोर मुन्ना को लगाई फटकार, VIDEO वायरल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhay Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >