Siwan News : मैट्रिक और इंटर की वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने राहत दी है. बोर्ड ने परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी है. पहले परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 16 सितंबर निर्धारित थी. अब जिले के सभी सरकारी और निजी माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में रजिस्ट्रेशन करा चुके छात्र-छात्राएं विद्यालय के माध्यम से परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे.
स्कूल के माध्यम से ही भरा जायेगा परीक्षा फॉर्म
बोर्ड के निर्देश के अनुसार विद्यार्थी अपने स्तर से ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म नहीं भरेंगे. आवेदन की पूरी प्रक्रिया संबंधित विद्यालय के प्रधान के माध्यम से पूरी होगी. विद्यार्थियों को विद्यालय में जाकर परीक्षा फॉर्म भरवाने के साथ निर्धारित शुल्क भी जमा करना होगा.
विद्यालय प्रधान बोर्ड के निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन फॉर्म भरेंगे. इसके बाद फॉर्म डाउनलोड कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जायेगा. विद्यार्थियों को फॉर्म की दो प्रतियां तैयार करनी होंगी. एक प्रति विद्यालय में जमा करनी होगी, जबकि दूसरी प्रति पर विद्यालय प्रधान के हस्ताक्षर, मुहर और तारीख दर्ज कर विद्यार्थी को वापस की जायेगी.
रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र से मिलान करना जरूरी
परीक्षा फॉर्म भरने से पहले विद्यार्थियों को उसमें दर्ज सभी विवरण का अपने रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र से मिलान करना होगा. इसमें नाम, माता-पिता का नाम, जन्म तिथि, लिंग, जाति और विषय सहित अन्य विवरण शामिल हैं.
किसी भी तरह की त्रुटि मिलने पर विद्यार्थियों को तत्काल विद्यालय प्रधान को इसकी जानकारी देनी होगी, ताकि निर्धारित समय के भीतर उसमें सुधार कराया जा सके. परीक्षा फॉर्म में मोबाइल नंबर और ई-मेल आइडी दर्ज करना भी अनिवार्य होगा. फोटो और हस्ताक्षर बोर्ड के निर्धारित मानक के अनुसार अपलोड किये जायेंगे.
अंतिम दिनों की भीड़ से बचने की सलाह
परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 30 सितंबर किये जाने के बाद आखिरी दिनों में विद्यालयों में विद्यार्थियों की भीड़ बढ़ने की संभावना है. ऐसे में विद्यार्थियों को अंतिम तारीख का इंतजार नहीं करने की सलाह दी गयी है.
समय रहते विद्यालय में जाकर परीक्षा फॉर्म भरवाने और निर्धारित शुल्क जमा करने से अंतिम समय में होने वाली परेशानी से बचा जा सकता है. विद्यालय प्रधानों को भी निर्धारित अवधि के भीतर सभी पात्र विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म की प्रक्रिया पूरी कराने को कहा गया है.
