Lightning Strike: गुठनी थाना क्षेत्र के दामोदरा गांव में सोमवार की देर शाम खेत में सोहनी का काम करने के दौरान ठनका गिरने से राजमिस्त्री की मौत हो गयी. मृतक की पहचान दामोदरा गांव निवासी अच्छे लाल गोंड़ (53) के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
खेत में काम करने के दौरान गिरा ठनका
परिजनों के अनुसार, अच्छे लाल गोंड़ सोमवार की देर शाम खेत में सोहनी का काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ ठनका गिरा. इसकी चपेट में आने से अच्छे लाल गोंड़ गंभीर रूप से घायल होकर खेत में गिर पड़े.
ठनका गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से घायल अच्छे लाल गोंड़ को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष सुनील कुमार मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस घटना की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है.
पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गयी. पत्नी पार्वती देवी का रो-रोकर बुरा हाल था. परिजनों के अनुसार, वह बार-बार पति को याद कर बेसुध हो जा रही थीं. उन्हें संभालने के लिए आसपास के सैकड़ों लोग जुटे रहे.
मृतक के परिवार में पत्नी पार्वती देवी, दो पुत्र नितेश और रितेश गोंड़ तथा चार पुत्रियां परिधि कुमारी, सृष्टि कुमारी, लक्ष्मी कुमारी और अंतिमा कुमारी हैं. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.
इसे भी पढ़ें:सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिहरनाथ पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, लखीसराय हादसे के बाद सुरक्षा कड़ी
