सीवान : बड़हरिया में इस कारण नहीं निकल सकता है महावीरी अखाड़ा, जानिए जुलूस निकालने के लिए क्या रखी गई है शर्त

Barharia Mahaviri Akhada : सीवान के बड़हरिया में महावीरी मेला और अखाड़ा आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. लाइसेंसधारियों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करने पर सहमति जताई, लेकिन एक बड़ी शर्त भी रखी है.

Barharia Mahaviri Akhada : सीवान के बड़हरिया में महावीरी मेला और अखाड़ा आयोजन को लेकर रविवार को अहम बैठक हुई. रामजानकी मंदिर मठ परिसर में हुई बैठक में लाइसेंसधारियों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करने पर सहमति जतायी. साथ ही कहा कि यदि मेला और अखाड़े से जुड़े निर्दोष लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिये गये, तो इस वर्ष महावीरी अखाड़ा नहीं निकाला जायेगा. डीजे और ऑर्केस्ट्रा नहीं कराने का भी निर्णय लिया गया.

रामजानकी मंदिर मठ में हुई बैठक

प्रखंड मुख्यालय स्थित रामजानकी मंदिर मठ परिसर में रविवार की शाम बड़हरिया और हरदियां समेत विभिन्न महावीरी मेलों को लेकर अखाड़ा आयोजन समिति के लाइसेंसधारियों की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता मठाधीश श्रीभगवान दास महाराज ने की. इस दौरान मेला और अखाड़ा आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गयी.

प्रशासन के निर्देशों का पालन करने पर सहमति

बैठक में लाइसेंसधारियों ने कहा कि महावीरी मेला और अखाड़े के आयोजन में सरकार और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जायेगा. आयोजन को लेकर प्रशासन के निर्देशों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी.

डीजे और ऑर्केस्ट्रा नहीं कराने का फैसला

अखाड़ा आयोजन समिति के लाइसेंसधारियों ने सर्वसम्मति से इस वर्ष ऐतिहासिक बड़हरिया महावीरी मेला में डीजे और ऑर्केस्ट्रा का आयोजन नहीं करने का निर्णय लिया. बैठक में कहा गया कि मेला शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया जायेगा और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन किया जायेगा.

मुकदमे वापस लेने की रखी मांग

बैठक में मेला और अखाड़े से जुड़े निर्दोष लोगों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग भी उठी. लाइसेंसधारियों ने कहा कि ऐसे लोगों पर दर्ज मुकदमों की समीक्षा कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए.

मुकदमे नहीं हटे तो अखाड़ा नहीं निकलेगा

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि निर्दोष लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिये गये, तो इस वर्ष बड़हरिया में महावीरी अखाड़ा नहीं निकाला जायेगा. इस निर्णय को लेकर जिला पदाधिकारी के नाम लिखित ज्ञापन तैयार किया गया.

थानाध्यक्ष को सौंपा गया ज्ञापन

आयोजन समिति की ओर से तैयार ज्ञापन थानाध्यक्ष को सौंपा गया. लाइसेंसधारियों ने थानाध्यक्ष से ज्ञापन जिला प्रशासन तक पहुंचाने का अनुरोध किया. अब इस मांग पर जिला प्रशासन की कार्रवाई पर आयोजन को लेकर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.

बैठक में कई प्रमुख लोग रहे मौजूद

बैठक में भाजपा उपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्र, भाजपा नेता डॉ अनिल गिरि, सरपंच अरविंद श्रीवास्तव, भारती सिंह, मुखिया प्रतिनिधि बाल्मीकि प्रसाद अश्विनी, पैक्स अध्यक्ष विद्याभूषण वर्मा, पूर्व मुखिया वीरेंद्र साह, मुखिया नंदजी सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे. लाइसेंसधारियों में बाल्मीकि साह, प्रेमप्रकाश सोनी, राजकिशोर साह, धर्मनाथ सिंह, मदन प्रसाद, राजेश शर्मा और मनोज कुशवाहा सहित अन्य लोग शामिल हुए.

Also Read : सीवान का वो अनोखा मंदिर जहां 100 साल पहले जिंदा इंसान ने ली थी समाधि, हर साल लगता है मेला, जानिए इस बार क्या है खास

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद मिश्र

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >