Siwan News: मैरवा थाना क्षेत्र के कुलदीपा मोड़ के समीप पुलिस ने एक लावारिस लग्जरी कार से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है. कार सड़क किनारे गड्ढे में फंसी हुई मिली. आशंका है कि वाहन फंसने के बाद शराब तस्कर कार छोड़कर मौके से फरार हो गए.
सूचना पर पहुंची पुलिस, तलाशी में मिली शराब
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार को अपने कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली. जांच के दौरान वाहन से कुल 335 लीटर देशी शराब बरामद हुई. इसके बाद पुलिस ने शराब और लग्जरी कार को जब्त कर थाना ले आई.
बड़ी खेप पहुंचाने की थी तैयारी
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि तस्कर शराब की बड़ी खेप को दूसरे स्थान तक पहुंचाने की तैयारी में थे. लेकिन रास्ते में कार गड्ढे में फंस जाने के कारण उन्हें वाहन छोड़कर भागना पड़ा.
वाहन मालिक और तस्करों की तलाश जारी
पुलिस ने वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान शुरू कर दी है. साथ ही शराब तस्करी में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
पुलिस ने इस मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
