Siwan islamic festival: पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में 26 अगस्त को निकाले जाने वाले जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के जुलूस की तैयारियों को लेकर रविवार को शहर के पुरानी बाजार स्थित शाही मस्जिद में मुस्लिम समुदाय की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता हाजी ई. रफिक अहमद ने की.
जुलूस में शालीनता और शांति बनाए रखने की अपील
बैठक को संबोधित करते हुए हाजी ई. रफिक अहमद ने जुलूस के दौरान लोगों से शालीनता और शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान ऐसा कोई कार्य नहीं किया जाए, जिससे दूसरे लोगों को परेशानी हो.
वक्ताओं ने जुलूस में डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाने की बात भी कही. मौलाना इसरारुल हक ने युवाओं से अपील की कि जुलूस के दौरान ऐसा कुछ न करें, जिससे दूसरे लोगों को परेशानी हो. उन्होंने लोगों से त्योहार को पूरी शालीनता और शांति के साथ मनाने की अपील की.
मौलाना इसरारुल हक और मौलाना जमुरुदिन रिजवी करेंगे जुलूस की सदारत
बैठक में कमेटी के सदस्यों की रजामंदी से मौलाना इसरारुल हक और मौलाना जमुरुदिन रिजवी को जुलूस-ए-मोहम्मदी की सदारत की जिम्मेदारी दी गई. बैठक में तय हुआ कि महाराजगंज और दरौंदा प्रखंड के विभिन्न गांवों से जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में शामिल होने वाले लोग 26 अगस्त की सुबह 9 बजे शाही मस्जिद परिसर पहुंचेंगे, ताकि निर्धारित समय पर जुलूस निकाला जा सके. इसके लिए एक कमेटी का भी गठन किया गया. वक्ताओं ने लोगों से मोहम्मद साहब के पैगाम को घर-घर पहुंचाने और उनके जन्मदिन को पूरे अदब के साथ मनाने के लिए जुलूस-ए-मोहम्मदी में शामिल होने की अपील की.
25 अगस्त की रात नई मस्जिद में होगा कार्यक्रम
मौलाना जमुरुदिन रिजवी ने बताया कि शहर के नखास चौक स्थित नई मस्जिद में 25 अगस्त की रात जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें कई नामी ग्रामीण, स्थानीय और शायर शिरकत करेंगे. इस अवसर पर मस्जिदों को आकर्षक रूप से सजाया जाएगा. उन्होंने बताया कि 26 अगस्त की सुबह जलसे मोहम्मदी निकाला जाएगा. बैठक में शमशाद खान, असरफ अली खान, रौशन अली, खालिद हुसैन, पप्पू खान, अफजल खान, अब्दुल्ला कुरैशी, गौहर अली, नईम मियां, नजुरुबारी, जुल्फेकार अली सहित अन्य लोग मौजूद थे.
