गर्मी और लू ने किया परेशान

शुक्रवार को जिले में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाया.अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सुबह से ही तेज धूप निकलने लगी थी और 10 बजे के बाद से जिले की धरती तपने लगी.

प्रतिनिधि, सीवान. शुक्रवार को जिले में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाया.अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सुबह से ही तेज धूप निकलने लगी थी और 10 बजे के बाद से जिले की धरती तपने लगी. दोपहर में गर्म पछुया हवा और लू ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं. तेज धूप और गर्म हवा के कारण शहरवासी दिनभर परेशान रहे. दोपहर में सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में काफी हद तक सन्नाटा पसरा रहा और लोग छांव की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए. वहीं लोग आवश्यक कामों से ही लोग बाहर निकले, बाकी अधिकतर घरों में ही दुबके रहे. दुकानों और सार्वजनिक स्थलों पर भी भीड़ कम देखी गई. तेज धूप के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्पष्ट है कि, जिले में इस भीषण गर्मी और गर्म पछुया हवा के साथ प्रचंड धूप ने आमजन की दिनचर्या को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है एवं आने वाले दिनों में इससे और सतर्क रहने की आवश्यकता है. तेज धूप से फिलहाल राहत की उम्मीद नहीं मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक-दो दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है तथा तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि, इस समय पछुया हवा का दबाव ज्यादा बना हुआ है, जिससे तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है. साथ ही, आगामी एक-दो दिनों में वर्षा की भी कोई संभावना नहीं है. लोगों को तेज धूप एवं गर्मी से फिलहाल राहत की कोई संभावना नहीं है. मौसम बदलने के साथ बढ़ी मरीजों की संख्या तेज गर्मी और मौसम मे बदलाव के कारण सदर अस्पताल में मरीजों की संख्या भी बढ़ गयी है. बुखार, वायरल फीवर सहित दस्त व डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ गयी है. सदर अस्पताल में बीते तीन दिनों में ही इन बीमारियों के दर्जनों मरीज भर्ती हो चुके हैं. जिनमें दस्त व डायरिया , वायरल फीवर के मरीज शामिल हैं. अस्पताल प्रबंधक डा. कमलजीत कुमार ने बताया कि मौसम बदलने से ऐसी बीमारियों का होना सामान्य है. ऐसे मे लोगो को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना आवश्यक है. आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें आज भी मौसम में किसी खास परिवर्तन की उम्मीद नहीं है. हालांकि, न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस बढ़ सकती है और वह 24 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर जा सकता है. अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है.तेज धूप और लू से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि, अत्यधिक आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें, पानी अधिक पीएं और धूप से बचाव के उपाय करें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPAK MISHRA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >